bhagalpur news. सीनेट बैठक हंगामा - मारवाड़ी कॉलेज के एक शिक्षक व कर्मचारी का स्थानांतरण

टीएमबीयू के बजट को लेकर 17 जनवरी को मारवाड़ी कॉलेज के महिला विंग में सीनेट की बैठक हुई थी

टीएमबीयू के बजट को लेकर 17 जनवरी को मारवाड़ी कॉलेज के महिला विंग में सीनेट की बैठक हुई थी. इसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सदन पहुंच कर करीब एक घंटे तक हंगामा किया था. मामले में विवि प्रशासन ने 10 दिन बाद मारवाड़ी कॉलेज के गणित विभाग के शिक्षक डॉ प्रभात वत्स का प्रशासनिक आधार पर एसएसवी कॉलेज कहलगांव स्थानांतरण किया है. वहीं कॉलेज के गेट पर तैनात संविदा कर्मी राजेश ठाकुर का एसएम कॉलेज के बीसीए विभाग में तबादला किया है. प्रभारी कुलपति प्रो विमलेंदु शेखर झा के आदेश पर रजिस्ट्रार प्रो रामाशीष पूर्वे ने मंगलवार को अधिसूचना जारी की है.

मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन ने करायी थी जांच

प्रभारी कुलपति के आदेश पर मारवाड़ी कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच को लेकर कमेटी गठित की थी. घटना के दिन ही कॉलेज के एक शिक्षक को सीसीटीवी फुटेज में हंगामा के समय कई जगह प्रभारी कुलपति ने देखा था. साथ ही कॉलेज प्रशासन की तरफ से भी कहा गया था कि बैठक को लेकर किसी शिक्षक को नहीं बुलाया गया था. जिनकी ड्यूटी लगी थी, उन्हें पूर्व से ही जानकारी दी गयी थी. वहीं, कर्मचारी पर आरोप था कि गेट खोल कर एबीवीपी कार्यकर्ता को अंदर लिया गया. इसे लेकर कॉलेज प्रशासन ने दोनों लोगों से शोकॉज किया था. उनका जवाब आने के बाद विवि प्रशासन को भेजा गया था. फिर कॉलेज की जांच कमेटी ने भी पूरे मामले की जांच रिपोर्ट कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया था. रिपोर्ट विवि प्रशासन को भेजा गया था. इसके बाद दोनों लोगों पर एक्शन लिया है.

एफआइआर को लेकर संशय

विवि अंदरखाना की मानें तो प्रभारी कुलपति के आदेश पर विवि के प्रॉक्टर ने हंगामा को लेकर विवि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया था. दस दिन के बाद भी एफआइआर दर्ज होने को लेकर संशय की स्थिति बनी है. विवि के एक अधिकारी ने कहा कि प्राथमिकी को लेकर प्रभारी कुलपति अपने अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं. प्राथमिकी दर्ज हुई है या नहीं, इस मामले में अधिकारी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं. हालांकि, प्रभारी कुलपति ने अपने अधिकारी से कहा कि सीजीएम कोर्ट में प्राथमिकी दर्ज कराये. उधर, विवि थानाध्यक्ष अवनीस राउत ने कहा कि मामले में पुलिस की कार्रवाई चल रही है. घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >