भागलपुर / बांका : भागलपुर जिले के अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गयी. वही गंभीर रूप से घायल बच्ची ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतक दंपति शंभुगंज प्रखंड के भिट्टी गाँव निवासी सुबोध मंडल, पिता-स्व सदानंद मंडल, 38 वर्षीय पूनम देवी थी व बच्ची राधिका कुमारी थी.
बताया जा रहा है कि सुबोध मंडल ससुराल अमरपुर से बच्ची और पत्नी के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए अकबरनगर स्टेशन जा रहे थे. परिजनों का कहना है कि सुबोध अपनी बच्ची को डॉक्टर से दिखाने भागलपुर जा रहे थे. इसी दौरान रेल पटरी के रास्ते जाने के क्रम में वे 53416 डाउन बर्दवान ट्रेन की चपेट में आ गये. हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी थी. जहां अस्पताल में उसने भी दम तोड़ दिया.
मौके पर पहुंची आरपीएफ और जीआरपी
घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल अधिकारियों ने आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटायी. पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक दंपती अमरपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनके नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी.
अस्पताल ले जाने के दौरान बच्ची की मौत
हादसे में घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.
रेल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान से संबंधित जानकारी जुटा रही है. पहचान और घटना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
नोट -खबर अपडेट की जा रही है
