Bhagalpur news विक्रमशिला सेतु पर लगा भीषण जाम, नीट परीक्षार्थियों की छूटी परीक्षा

विक्रमशिला सेतु पर शनिवार की देर रात से भीषण जाम लगने से आम लोगों सहित नीट परीक्षा में शामिल होने जा रहे परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

विक्रमशिला सेतु पर शनिवार की देर रात से भीषण जाम लगने से आम लोगों सहित नीट परीक्षा में शामिल होने जा रहे परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. यह जाम देर रात शुरू होकर रविवार की सुबह तक बना रहा, जिससे सैकड़ों वाहन सेतु पर फंसे रह गये. जानकारी के अनुसार पाया संख्या 56 के पास एक हाइवा के खराब होने से सेतु पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. यह जाम सेतु से खगड़ा तक फैला था, वहीं दूसरी ओर जीरोमाइल तक इसकी रफ्तार थम गयी थी. जाम से सबसे ज्यादा परेशानी नीट परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को हुई. कई परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच पाये और उनकी परीक्षा छूट गयी. सुबह होते अभिभावकों और छात्रों की चिंता और नाराजगी साफ तौर पर देखने को मिली. जाम में फंसे वाहन घंटों टस से मस नहीं हुए. स्थानीय पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन रात के समय संसाधनों की कमी से जाम खुलवाने में देरी हुई. रविवार की सुबह विक्रमशिला सेतु से खराब वाहन को क्रेन से हटाया गया, उसके पश्चात वनवे कर आवागमन चालू कराया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु पर अक्सर जाम की स्थिति बनती रहती है, लेकिन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है.

आईपीएस विकास वैभव ने नवगछिया में युवाओं को किया प्रेरित

आईपीएस विकास वैभव ने नवगछिया में युवाओं को प्रेरित किया. नवगछिया जीरोमाइल स्थित राज इन विवाह भवन हाॅल में शिक्षा युवा संवाद कार्यक्रम कार्यक्रम में वह मुख्य अतिथि लेट्स इंस्पायर बिहार के निर्देशक आइपीएस विकास वैभव थे. उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते कहा कि शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है. अपने आसपास के समाज को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. बिहार का विकास तभी संभव है जब युवा जाति और संप्रदाय के भेदभाव से ऊपर उठ कर समाज और राष्ट्र के लिए काम करें. ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने विकास वैभव को बैरम व तस्वीर भेंट की. 12वीं बोर्ड भागलपुर जिला टॉपर छात्रा कोमल कुमारी एवं खेल में उत्कृष्ट कार्य के लिए जेम्स फाइटर, आराध्या सिंह, मीनाक्षी कुमारी, शिवम कुमार, कंचन कुमारी, गुलाम मुस्तफा, घनश्याम प्रसाद को प्रमाण पत्र के साथ सम्मानित किया. मौके पर अंशु सिंह, सुमित भगत, पवन चौधरी, जेम्स फाइटर, सौरभ पोद्दार, टिशु कुमारी, संजीव कुमार, अजीत कुमार सिंह, डॉ विपिन यादव, सन्नी कुमार उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >