कहलगांव निर्माणाधीन एनएच-80 पर ठेका एजेंसी की अव्यवस्थित कार्य पद्धति से बुधवार को कहलगांव नगर में दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही. पेट्रोल पंप से पार्क चौक तक रह-रहकर लगे जाम ने आम लोगों, दुकानदारों व यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी. स्थानीय लोगों के अनुसार शारदा पाठशाला से पार्क चौक तथा पार्क चौक के समीप डाकघर तक सड़क के एक हिस्से में ढलाई कर उसे अधूरा छोड़ दिया गया है. सड़क निर्माण कार्य मशीन के बजाय मैनुअल तरीके से करने से निर्माण की गति बेहद धीमी है. कई स्थानों पर सड़क का केवल एक हिस्सा चालू रहने से वन-वे परिचालन लागू करना पड़ रहा है, जिससे लगातार जाम लग रहा है. बुधवार को सुबह से शाम तक स्टेशन चौक से पार्क चौक के आगे तक लंबी वाहनों की कतार लगी रही. पुलिस ने वाहनों को रोक वन-वे परिचालन कराया और बीच-बीच में जाम हटाने का प्रयास किया. कुछ ही देर बाद स्थिति गंभीर हो जा रही थी. जाम में आधा दर्जन से अधिक स्कूली बसें फंस गयी, जिनमें स्कूली बच्चे सवार थे. यह बच्चे विक्रमशिला भ्रमण से लौट रहे थे. ट्रैक्टर और पिकअप पर ले जाए जा रहे दो शव वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे, जिससे परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोगों का आरोप है कि करीब एक वर्ष से अधिक समय से चल रहे निर्माण कार्य से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. जाम की समस्या से न केवल दैनिक आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. नगरवासियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है.
Bhagalpur news एनएच-80 पर दिनभर जाम, स्कूली बस व शव वाहन फंसे
कहलगांव निर्माणाधीन एनएच-80 पर ठेका एजेंसी की अव्यवस्थित कार्य पद्धति से बुधवार को कहलगांव नगर में दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रही.

Bhagalpur news एनएच-80 पर दिनभर जाम, स्कूली बस व शव वाहन फंसे