तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) ने स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर वन में नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद विषयवार आंकड़े जारी कर दिए हैं. विवि प्रशासन के अनुसार, सभी 41 अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों की मिलाकर कुल 38,946 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. कुल उपलब्ध 84 हजार से अधिक सीटों पर हुई इस प्रक्रिया में छात्रों का सबसे अधिक रुझान कला संकाय (Arts Faculty) की ओर देखने को मिला, जिसमें इतिहास, हिंदी और राजनीति विज्ञान शीर्ष पर रहे.
कला संकाय में इतिहास बना पहली पसंद
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कला संकाय में विद्यार्थियों का भारी झुकाव रहा:
- इतिहास: 6,714 (सर्वधिक नामांकन)
- हिंदी: 6,158
- राजनीति विज्ञान: 5,808
- समाजशास्त्र: 2,560
- अर्थशास्त्र: 2,513
- अंग्रेजी: 1,704
- प्राचीन भारतीय इतिहास (AIHC): 1,657
- भूगोल: 1,517
- उर्दू: 1,145
- होम साइंस: 1,126
- दर्शनशास्त्र: 1,000
भाषा व अन्य विषयों में कम तो संगीत-संस्कृत में मध्यम रुझान
कई पारंपरिक और क्षेत्रीय भाषाओं में नामांकन का आंकड़ा बेहद कम रहा:
- मैथिली: 6
- फारसी: 5
- बीए गणित: 32
- संगीत: 223
- संस्कृत: 297
- गांधी विचार: 347
- औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंधन (IRPM): 361
- ग्रामीण अर्थशास्त्र: 787
- मनोविज्ञान: 631
साइंस में जूलॉजी तो कॉमर्स में पारंपरिक विषयों का दबदबा
विज्ञान (Science) और वाणिज्य (Commerce) संकाय में नामांकन की स्थिति इस प्रकार रही:
- साइंस (विज्ञान): जूलॉजी में सबसे अधिक 1,714 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया. इसके अलावा बॉटनी में 630, गणित में 500, भौतिकी में 436 और रसायन शास्त्र (केमिस्ट्री) में 404 नामांकन हुए.
- कॉमर्स (वाणिज्य): सामान्य कॉमर्स में 643 छात्रों ने नामांकन कराया, जबकि सांख्यिकी में 9, ई-कॉमर्स में 9 और रिटेल ऑपरेशन में महज 1 विद्यार्थी का नामांकन दर्ज किया गया.
नामांकन प्रक्रिया पूरी, कॉलेजों से मंगाई गई रिपोर्ट
विश्वविद्यालय के अधिकारी ने बताया कि स्नातक सत्र 2026-30 के सेमेस्टर वन में नामांकन की प्रक्रिया 6 अगस्त को ही पूरी कर ली गई थी. सभी 41 कॉलेजों से नामांकित छात्र-छात्राओं की अंतिम रिपोर्ट प्राप्त कर ली गई है और जल्द ही शैक्षणिक सत्र के अनुसार कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जाएगा.
