Bhagalpur news तीन शव एक साथ गांव पहुंचा, चीत्कार से दहल उठा मिल्की गोशाला

बाबा बिसुराउत सेतु पर हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं. हादसे में दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गयी.

बाबा बिसुराउत सेतु पर हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं. हादसे में दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौत हो गयी. पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही तीनों शव अंतिम संस्कार के लिए नवगछिया के मिल्की गोशाला गांव लाये गये, पूरे गांव में मातम पसर गया. एक साथ तीन शवों के गांव में प्रवेश करते ही परिजनों और खासकर महिलाओं का करुण क्रंदन सुन कर माहौल गमगीन हो उठा. हर घर की आंखें नम थीं और हर चेहरा इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आ रहा था. मृतकों में कारी देवी, संजो देवी और पांचू चौधरी शामिल हैं. पांचू चौधरी अपनी पत्नी शोभा देवी के साथ मजदूरी करने पटना गये थे. घर लौटने के दौरान हादसा हो गया. इस घटना में पांचू चौधरी की मौत हो गयी, जबकि पत्नी शोभा देवी अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. कारी देवी अपने पीछे तीन पुत्र विपिन कुमार, रंजीत कुमार, संजीत कुमार और एक पुत्री भोली देवी को छोड़ गयी है. बड़ा बेटा विपिन कुमार बताता है कि मां मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करती थी. अब घर के आंगन में मां का निर्जीव शरीर पड़ा है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. संजो देवी के परिवार में भी मातम पसरा है. उनके पांच पुत्र सुखेन्द्र, अमित, पिकेन्द्र, राजेश और इंदल सभी मजदूरी कर परिवार चलाते हैं. अचानक इस हादसे ने पूरे परिवार को असहाय कर दिया है. परिजनों ने बताया कि सभी लोग पटना से लौट कर लगभग घर पहुंच ही गये थे. गांव से महज तीन किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से पिकअप (407) को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग सड़क पर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे से कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. इस घटना ने न सिर्फ तीन परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डूबो दिया है. गांव में हर ओर सन्नाटा और शोक का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >