Bhagalpur news होली पर हुड़दंग नहीं, सौहार्द की होगी रंगत

वगछिया अनुमंडल सभागार में डीसीएलआर शैलेंद्र कुमार व एसडीपीओ ओमप्रकाश की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई.

होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवगछिया अनुमंडल सभागार में डीसीएलआर शैलेंद्र कुमार व एसडीपीओ ओमप्रकाश की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष, अग्निशमन विभाग, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी व शांति समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे.बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा कि होली के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, सूचना तंत्र को सक्रिय करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं. माहौल को बिगाड़ने वाले अश्लील गानों व डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है.प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन ने अफवाहों पर तत्काल रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया है. नशीले पदार्थों व अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सघन जांच अभियान बुधवार से ही शुरू कर दिया गया है. रात्रि गश्ती बढ़ा दी गयी है तथा नियंत्रण कक्ष और विद्युत नियंत्रण टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है. अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं. होलिका दहन के दौरान लकड़ियों की ऊंचाई सीमित रखने और बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने को कहा गया है. चिह्नित स्थलों पर अग्निशमन दस्ता व मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. नगर निकायों को पर्व के दौरान साफ-सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले युवकों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. सभी दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर प्रतिनियुक्ति की जायेगी.बीडीओ, सीओ व संबंधित थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. बैठक के अंत में अधिकारियों ने शांति समिति के सदस्यों से सामाजिक स्तर पर जागरूकता फैलाने व प्रशासन को सहयोग करने की अपील की.

सनोखर थाना में शांति समिति की बैठक

सन्हौला

सनोखर थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक सनोखर थानाध्यक्ष पंकज किशोर की अध्यक्षता में हुई. थानाध्यक्ष ने लोगों से होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपीलकी.डीजे और अश्लील गाने पर प्रतिबंध रहेगा. धुरखेली के दिन सड़क से गुजरने वाले राहगीरों पर जबरदस्ती रंग या कीचड़ न लगाया जाए. कोई शराब पीकर होली में किसी भी प्रकार की हुड़दंग मचाया, तो बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. बैठक में दोनों समुदायों के लोग उपस्थित रहे.

अकबरनगर. होली पर्व को लेकर पुलिस अर्लट मोड में है. चौक चौराहे पर विशेष नजर रखी जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रेन से उतरने वाले राहगीरों को विशेष सुरक्षा दी जा रही. होली को लेकर काफी संख्या में दूसरे प्रदेश से लोग घर लौट रहे है. रात में ट्रेन से सुलतानगंज उतरते हैं. प्रमुख सड़क मार्ग पर गश्ती दल लगातार भ्रमण कर रहा है.

पीरपैंती. थाना परिसर में होली को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में पीरपैंती थाना क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से आये ग्रामीण जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने किसी भी तरीके की अव्यवस्था तथा अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध या गलत गतिविधि दिखाई दे उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

कहलगांव

रसलपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई. थानाध्यक्ष ने कहा कि होली के दौरान डीजे एवं अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. धुरखेल के दिन सड़क से गुजरने वाले राहगीरों पर जबरन रंग या कीचड़ नहीं लगाने की सख्त हिदायत दी. शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी. रसलपुर थाना में प्रमोद कुमार मंडल, प्रणव कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >