Bhagalpur news चैती दुर्गा मंदिर के पुजारी के कमरे से 6.80 लाख की चोरी

चैती दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को चोरी की घटना सामने आयी है. मंदिर के पुजारी पंडित निरंजन के कमरे का ताला तोड़ कर चोरों ने बक्से में रखे छह लाख 80 हजार रुपये चोरी कर लिये.

नवगछिया बाजार स्थित चैती दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को चोरी की घटना सामने आयी है. मंदिर के पुजारी पंडित निरंजन के कमरे का ताला तोड़ कर चोरों ने बक्से में रखे छह लाख 80 हजार रुपये चोरी कर लिये. चोरी गये रुपये पुजारी ने अपनी पुत्री की शादी के लिए जमा कर रखे थे. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. रविवार होने के कारण पुजारी रुपये बैंक में जमा नहीं कर पाये थे. सोमवार को बैंक में राशि जमा करने की योजना थी. इस बीच दिन के 12 से दो बजे के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. पुजारी अपने परिवार के पास गये थे. मंदिर परिसर स्थित मुंशी पुस्तकालय के एक कमरे में वह रहते थे, जबकि उनका परिवार किराये के मकान में रहता है. पंडित निरंजन जब वापस लौटे, तो कमरे में दूसरा ताला लगा देख चौंक गये. उन्होंने तत्काल मंदिर कमेटी के अध्यक्ष संदीप गुप्ता को सूचना दी. मौके पर पहुंचे कमेटी अध्यक्ष ने अन्य सदस्यों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने ताला बदलने की जानकारी होने से इनकार किया. इसके बाद घटना की सूचना नवगछिया थाना पुलिस को दी गयी. मौके पर पहुंची पुलिस ने नया ताला तोड़ कर कमरे में प्रवेश किया, तो अंदर रखा बक्सा टूटा मिला और उसमें रखे छह लाख 80 हजार रुपये गायब थे. रूम का समान इधर उधर बिखरा पड़ा था. पुजारी ने मामले में नवगछिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. जांच के दौरान जानकारी सामने आयी कि कमरे में लगाया गया नया ताला नवगछिया बाजार की एक दुकान से खरीदा गया था. दुकानदार ने पुलिस को बताया कि ताला खरीदने आया युवक लंबा और सांवले रंग का था तथा काफी घबराया लग रहा था. उसने 80 रुपये कीमत वाले ताले के बदले 200 रुपये देकर तेजी से वहां से निकल गया. दुकानदार ने बाकी रुपये लौटाने के लिए आवाज लगाने पर भी वह नहीं रुका. पुलिस अब मंदिर परिसर में लगे नप के कैमरों और बाजार के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने की तैयारी में जुटी है. नवगछिया थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: JITENDRA TOMAR

JITENDRA TOMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >