Bhagalpur news स्वयं सेवकों का कार्य समाज व राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण : सायम रजा
सुलतानगंज मुरारका महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हुआ. मुख्य अतिथि प्रशिक्षु आईपीएस सायम रजा, विशिष्ट अतिथि विवि के राष्ट्रीय सेवा योजना के को-ऑर्डिनेटर राहुल कुमार तथा सम्मानित अतिथि पुलिस निरीक्षक मृत्युंजय कुमार थे. अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ नागेंद्र तिवारी ने की. कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगीत व दीप प्रज्वलन से हुआ. प्रधानाचार्य ने अतिथियों को अंगवस्त्र व पौधा भेंट कर सम्मानित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ राजीव कुमार रंजन ने सात दिवसीय विशेष शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत कर बताया कि शिविर में स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग लिया. स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम किये गये.
साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने की दी सलाह
मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं से कहा कि एनएसएस के माध्यम से किया जा रहा कार्य सामाजिक और राष्ट्रीय दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है. ऐसे शिविरों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों में साइबर क्राइम के प्रति छात्रों और ग्रामीणों को जागरूक किया जाए, ताकि लोग डिजिटल अपराधों से बच सकें. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम निश्चित रूप से सराहनीय हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम चलाना समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है. इससे लोगों में जागरूकता बढ़ती है और समाज में सकारात्मक बदलाव आता है.
गोद लिए गांव में दिख रहा जागरूकता का असर
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जयप्रकाश झा ने कहा कि गंगापुर गांव को मुरारका महाविद्यालय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत गोद लिया है. गांव में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होने से लोगों में जागरूकता आयी है. अब ग्रामीण स्वयं स्वच्छता और साफ-सफाई जैसे कार्यों पर ध्यान देने लगे हैं. कार्यक्रम में स्वयंसेवक छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किये और समाज सेवा के कार्यों को आगे जारी रखने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन से हुआ. मौके पर कॉलेज के कई शिक्षक मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.