Bhagalpur news सोलर लाइट से रोशन होगा सुलतानगंज का नप कार्यालय

सुलतानगंज नगर परिषद क्षेत्र में विकास की नयी इबारत लिखने की दिशा में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा.

सुलतानगंज नगर परिषद क्षेत्र में विकास की नयी इबारत लिखने की दिशा में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा. सशक्त स्थायी समिति की बैठक में शहर को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाने को लेकर कई बड़े और दूरगामी फैसले लिये गये. अध्यक्षता मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू ने की, जिसमें 19 अहम एजेंडों पर चर्चा कर करोड़ों रुपये की योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी.

सोलर प्लांट से आत्मनिर्भर बनेगा नप कार्यालय

नगर परिषद कार्यालय को अब सोलर एनर्जी से संचालित करने का निर्णय लिया गया है. मुख्य पार्षद ने बताया कि इससे बिजली बिल में भारी बचत होगी और बचायी गयी राशि को शहर के विकास कार्यों में लगाया जायेगा. यह पहल नगर परिषद को मॉडल और आत्मनिर्भर कार्यालय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. श्रावणी मेला को ध्यान में रखते हुए अजगैवीनाथ मंदिर घाट, नमामि गंगे घाट और मेला क्षेत्र में हाईमास्ट, सोलर व डेकोरेटिव लाइट लगाने की स्वीकृति दी गयी. इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और शहर की सुंदरता बढ़ेगी. शहर को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए करीब साढ़े चार करोड़ की लागत से ग्लास ब्रिज निर्माण को मंजूरी दी गयी. सीढ़ी घाट पर अत्याधुनिक बहुमंजिला भवन और कृष्णानंद स्टेडियम के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव पारित किया गया.

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा निवेश : 30 करोड़ तक की योजनाएं

नगर क्षेत्र में सड़क और नाला निर्माण के लिए 25 से 30 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति मिली है. कृष्णगढ़ से अबजूगंज तक बड़े नाले का निर्माण कर जल जमाव की समस्या से स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाया गया है. स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए फोर-बिन डस्टबिन, रोड स्वीपिंग मशीन, सेनिटाइजेशन उपकरण, डॉग कैचिंग वाहन सहित कई आधुनिक संसाधनों की खरीद को मंजूरी दी गयी. नगर क्षेत्र में गौशाला निर्माण की स्वीकृति दी गयी. सड़क किनारे लगे बिजली पोल और ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया.

कर्मियों को बड़ी राहत : वेतन व मानदेय बढ़ोतरी

बैठक में स्थायी कर्मियों को एक अप्रैल 2026 से सप्तम वेतनमान का लाभ देने और मानदेय कर्मियों के मानदेय में वृद्धि कर उन्हें स्थायी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी. विभिन्न योजनाओं के डीपीआर के लिए अग्रिम राशि स्वीकृत, नप कार्यालय के इंटीरियर कार्य के भुगतान को मंजूरी, एनजीओ में कार्यरत वाहन चालकों के मानदेय स्वीकृत, जल जमाव समाधान और सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस पर बल दिया गया. बैठक में उपसभापति नीलम देवी, कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार, सदस्य संजय कुमार चौधरी, नवीन कुमार बन्नी, स्वच्छता पदाधिकारी, टाउन प्लानर, प्रधान सहायक और कार्यालय कर्मी उपस्थित थे.

शहर को मिलेगी नयी पहचान

बैठक में लिये गये फैसले सुलतानगंज को आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. आने वाले समय में इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर की तस्वीर बदलने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >