BHAGALPUR : भाई की हत्या कर शव टंकी में छिपाने के मामले में मुख्य आरोपित ने किया सरेंडर
नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुआ गांव में बड़े भाई की हत्या कर शव को पानी की टंकी में छिपाने के चर्चित मामले में मुख्य आरोपित ने आत्मसमर्पण कर दिया है.
नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुआ गांव में बड़े भाई की हत्या कर शव को पानी की टंकी में छिपाने के चर्चित मामले में मुख्य आरोपित ने आत्मसमर्पण कर दिया है.आत्मसमर्पण करने वाला आरोपित सधुआ निवासी रूदल सिंह बताया गया है.इस घटना को लेकर इलाके में पहले से ही काफी चर्चा बनी हुई थी. जानकारी के अनुसार, बीते 23 अप्रैल को जमीन में हिस्सेदारी को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में छोटे भाई रूदल सिंह ने अपनी पत्नी अंजू देवी के साथ मिलकर बड़े भाई फुलेश्वर यादव की गला दबाकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को घर के पास स्थित पानी की टंकी में डाल दिया गया था. मृतक फुलेश्वर यादव सधुआ गांव निवासी स्वर्गीय गनौरी सिंह के पुत्र थे.घटना के बाद जब मामले का खुलासा हुआ तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी. मृतक की मां कौशल्या देवी के बयान पर रंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.दर्ज प्राथमिकी में छोटे भाई रूदल सिंह, उसकी पत्नी अंजू देवी तथा रूदल सिंह के साला को नामजद आरोपित बनाया गया था. घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. इसी क्रम में पिछले दिनों रंगरा थाना पुलिस ने अंजू देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. पुलिस पूछताछ में अंजू देवी ने हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे किए थे. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मामले में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए थे. इधर, मुख्य आरोपित रूदल सिंह द्वारा आत्मसमर्पण किए जाने के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास जारी है. वहीं, इस घटना को लेकर गांव में अब भी दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.