सुलतानगंज के पनसल्ला स्कूल का जर्जर भवन बना खतरा, दरकी दीवार के साये में पढ़ने को मजबूर बच्चे

Bhagalpur News : भागलपुर के सुलतानगंज प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला में बच्चों की जान खतरे में पड़ गई है. जर्जर भवन की दीवारों में लगातार बढ़ रही दरारों के बीच कक्षा 1 से 5 तक के बच्चे एक ही कमरे में पढ़ने को मजबूर हैं.

सुलतानगंज,भागलपुर से शुभंकर की रिपोर्ट

Bhagalpur News : सुलतानगंज प्रखंड के कटहरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 14 स्थित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर पनसल्ला की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है. विद्यालय भवन का दक्षिणी हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका है और पेयजल स्टॉल के पास दीवार में बड़ी दरार आने से हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है.

बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

विद्यालय परिसर में जिस स्थान पर बच्चे पानी पीने पहुंचते हैं, उसी पेयजल स्टॉल की दीवार नीचे से खोखली हो चुकी है. दीवार में लगातार दरार बढ़ रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को उस हिस्से में जाने से रोक दिया है. फिलहाल रसोइया बाल्टी से बच्चों को पानी उपलब्ध करा रही है.

एक कमरे में चल रही कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई

विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक नंदकिशोर सिंह ने बताया कि भवन की हालत बेहद खराब हो चुकी है. विद्यालय में कुल दो कमरे हैं, जिनमें से एक कमरा पूरी तरह जर्जर होने के कारण बंद कर दिया गया है.ऐसे में कक्षा एक से पांच तक के सभी बच्चों की पढ़ाई एक ही कमरे में कराई जा रही है. छह शिक्षक एक साथ पढ़ाने को मजबूर हैं, जिससे पढ़ाई की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है.

तालाब के कारण कमजोर हुई भवन की नींव

विद्यालय के पिछले हिस्से में तालाब होने के कारण भवन की नींव कमजोर हो गई है. फर्श धंस चुका है और दीवारों में गहरी दरारें उभर आई हैं.ग्रामीणों का कहना है कि भवन कभी भी गिर सकता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.

मार्च में हुआ निरीक्षण, अब तक शुरू नहीं हुआ काम

21 मार्च को बीडीओ संजीव कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण किया था और शिक्षा विभाग के जूनियर इंजीनियर को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया था.निर्देश के बाद शिक्षा विभाग के जेई गौरी शंकर ने करीब 19 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर प्रशासन को सौंपा. इसमें गेट निर्माण, बाउंड्री वॉल, सुरक्षा दीवार और मिट्टी भराई जैसे कार्य शामिल हैं.

जिला प्रशासन को भेजा गया प्रस्ताव

बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि तैयार प्राक्कलन जिला पदाधिकारी को भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जर्जर हिस्से में जाने से मना किया गया है और पुनर्निर्माण के लिए लगातार पहल की जा रही है.

विशेष शाखा ने भी जताई थी चिंता

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा ने भी पूर्व में डीएम और एसएसपी भागलपुर को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.पत्र में प्रशासनिक सतर्कता और निरंतर निगरानी की जरूरत बताई गई थी.

अभिभावकों ने की नए भवन की मांग

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि वर्ष 2000 में बने इस भवन का एक कमरा 5 नवंबर 2023 को अचानक क्षतिग्रस्त हो गया था. तब से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.पूर्व वार्ड सदस्य सोनू कुमार सहित स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पास उपलब्ध नौ डिसमिल जमीन पर नया भवन बनाने की मांग की है.अभिभावकों का कहना है कि वे हर दिन डर के माहौल में बच्चों को स्कूल भेजने को मजबूर हैं. यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >