कहलगांव में प्रशासन पहुंचा गांव की चौखट तक, सुनी गयीं लोगों की समस्याएं

Bhagalpur News : कहलगांव प्रखंड के गांवों में मंगलवार को प्रशासनिक गतिविधियां अचानक तेज दिखीं, जब अधिकारियों ने सीधे गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं. सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी परेशानियां रखीं, वहीं अधिकारियों ने त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया.

कहलगांव, भागलपुर से असद अशरफी की रिपोर्ट :

भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड अंतर्गत भोलसर पंचायत के उच्च विद्यालय त्रिमुहान और धनौरा पंचायत के उच्च माध्यमिक विद्यालय कटोरिया में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी पहुंचे और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

गांव में लगा प्रशासनिक दरबार, लोगों ने रखीं समस्याएं

उच्च विद्यालय त्रिमुहान में आयोजित शिविर में कहलगांव के एसडीएम कृष्ण चन्द्र गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. शिविर में लोगों ने सरकारी योजनाओं, राशन, आवास, पेंशन और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं.एसडीएम ने संबंधित विभागों के कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.

कटोरिया शिविर में भी जुटे ग्रामीण

वहीं धनौरा पंचायत अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय कटोरिया में आयोजित सहयोग शिविर में अधिकारी दुर्गा शंकर ने ग्रामीणों से संवाद किया. उन्होंने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन गांव-गांव तक पहुंचकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है.उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.

जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की रही मौजूदगी

दोनों शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. मौके पर धनौरा पंचायत के मुखिया दिलीप कुमार मंडल, जिला परिषद सदस्या सोनी कुमारी, भोलसर मुखिया अर्चना कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे.ग्रामीणों ने कहा कि गांव स्तर पर इस तरह के शिविर आयोजित होने से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मौका मिलता है, जिससे समाधान की उम्मीद बढ़ती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >