Bhagalpur News : गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के खुर्द डुमरिया गांव की 16 वर्षीय किशोरी की सल्फास खाने के बाद हालत गंभीर हो गई. परिजन उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर किया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सोमवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की जांच शुरू कर दी.
परिजनों को पहले से थी प्रेम संबंध की जानकारी
परिजनों के अनुसार किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था. कुछ समय पहले इसकी जानकारी मिलने पर परिवार ने उसे समझाया था और युवक से दूरी बनाने की सलाह दी थी. इसके बावजूद दो दिन पहले दोनों की गांव के पास एक बासा पर मुलाकात हुई थी, जिसकी जानकारी परिवार और ग्रामीणों को भी हो गई थी. इसके बाद किशोरी ने युवक से शादी करने की इच्छा जताई, लेकिन परिजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे.
शादी से इनकार के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का कहना है कि शनिवार रात किशोरी ने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने कथित तौर पर शादी से इनकार करते हुए संबंध समाप्त करने की बात कह दी. इसके बाद रविवार सुबह करीब 7:30 बजे किशोरी ने घर में रखी कीटनाशक की गोली खा ली. उस समय उसके पिता खेत पर काम करने गए थे. घर लौटने पर उन्होंने बेटी को उल्टी करते और पेट दर्द से तड़पते देखा.
सनहौला अस्पताल से किया गया मायागंज रेफर
घटना के बाद परिजन किशोरी को तत्काल सनहौला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
सोमवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों से पूछताछ शुरू की. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
