नवगछिया रंगरा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवानीपुर में वार्षिक परीक्षा के दौरान एक छात्र के हथियार लहराने व शिक्षकों को धमकाने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. शिक्षकों व छात्रों में भय का माहौल हो गया. पूर्णिया जिला कोशकीपुर के शिवम कुमार परीक्षा देने विद्यालय पहुंचा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छात्र की गतिविधियां शुरू से ही संदिग्ध लग रही थी. प्रार्थना में शामिल होने के लिए कहने पर वह अचानक भड़क गया और शिक्षकों से गाली-गलौज करने लगा. विवाद बढ़ने के बाद छात्र अपनी बाइक पर सवार होकर विद्यालय से निकलने लगा. इस दौरान उसने कमर से कट्टा निकाल लिया और शिक्षकों की ओर लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी. हथियार देखकर मौके पर मौजूद शिक्षक और छात्र सहम गये. आरोपित तेजी से वहां से फरार हो गया. घटना के बाद विद्यालय में परीक्षा कुछ देर के लिए बाधित हो गयी. शिक्षकों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आरोपित छात्र की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. विद्यालय प्रबंधन ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा चूक बताते हुए प्रशासन से विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर चिंता देखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
Bhagalpur news छात्र ने विद्यालय में कट्टा लहरा शिक्षकों को दी धमकी, दहशत का माहौल
नवगछिया रंगरा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय भवानीपुर में वार्षिक परीक्षा के दौरान एक छात्र के हथियार लहराने व शिक्षकों को धमकाने का मामला सामने आया है.

Bhagalpur news छात्र ने विद्यालय में कट्टा लहरा शिक्षकों को दी धमकी, दहशत का माहौल