भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टार्टअप का मेगा इवेंट, छात्रों ने सीखा आइडिया को बाजार तक पहुंचाने का तरीका

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में युवा उद्यमियों को स्टार्टअप के सफर में आइडिया को बाजार तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया सिखाई गई. विशेषज्ञों ने प्रोडक्ट डेवलपमेंट, फंडिंग और मार्केट एक्सेस पर महत्वपूर्ण जानकारी दी.

Bhagalpur News: भागलपुर में किसी आइडिया को सिर्फ सोच तक सीमित रखना आसान है, लेकिन उसे उत्पाद में बदलकर बाजार तक पहुंचाना बड़ी चुनौती है. भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित स्टार्टअप मेगा इवेंट में विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को इसी चुनौती से निपटने के तरीके बताए गये. यहां विशेषज्ञों ने आइडिया वैलिडेशन से लेकर प्रोडक्ट डेवलपमेंट, फंडिंग, इन्क्यूबेशन और बाजार तक पहुंच बनाने की पूरी प्रक्रिया को समझाया.

इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टार्टअप सेल के बैनर तले शनिवार को 'स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस' विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवा उद्यमियों और स्टार्टअप संस्थापकों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि उसे टिकाऊ कारोबार में बदलने की व्यावहारिक जानकारी देना भी था.

आइडिया से बाजार तक कैसे पहुंचे, समझे छात्रों ने

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि किसी स्टार्टअप के लिए सिर्फ नया आइडिया होना पर्याप्त नहीं है. सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि उस आइडिया की बाजार में वास्तविक जरूरत कितनी है.

इसके लिए आइडिया वैलिडेशन, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और मार्केट वैलिडेशन जैसे चरणों को महत्वपूर्ण बताया गया. विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समझाया कि ग्राहक की जरूरत समझे बिना तैयार किया गया उत्पाद बाजार में लंबे समय तक टिक नहीं सकता.

मार्केट लिंकेज, नेटवर्किंग और कारोबार के विस्तार को भी स्टार्टअप की सफलता के लिए जरूरी बताया गया.

बिहार स्टार्टअप पॉलिसी और सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी

जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को सरकारी स्टार्टअप योजनाओं और बिहार स्टार्टअप पॉलिसी के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता और योजनाओं का लाभ कैसे लिया जा सकता है.

उन्होंने आइडिया को स्टार्टअप में बदलने के दौरान आने वाली चुनौतियों और सही प्रक्रिया की जानकारी भी दी. इससे विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि एक व्यावसायिक विचार को संस्थागत रूप देने के लिए किन पहलुओं पर काम करना जरूरी है.

इन्क्यूबेशन और बाजार विस्तार पर विशेषज्ञों ने बताये तरीके

पटना से आये डॉ. गोपी कृष्ण ने इन्क्यूबेशन, स्टार्टअप गाइडेंस और नये बाजारों तक पहुंच बनाने की रणनीतियों पर जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि शुरुआती स्तर पर स्टार्टअप को सही मार्गदर्शन और नेटवर्क मिलने से कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है. उत्पाद या सेवा तैयार करने के बाद उसे अधिक से अधिक संभावित ग्राहकों तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है.

फाउंडर्स ने बतायी अपनी असफलता की कहानी

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्टार्टअप फाउंडर्स की उद्यमिता यात्रा रही. निक्की कुमार झा, मनोज कुमार सिंह और मनीष कुमार चौधरी ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किये.

उन्होंने स्टार्टअप शुरू करने के दौरान सामने आयी चुनौतियों, असफलताओं और उनसे मिली सीख के बारे में बताया. फाउंडर्स ने विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया कि कारोबार की यात्रा में असफलता भी सीखने का एक महत्वपूर्ण चरण हो सकती है.

उनके अनुभवों से विद्यार्थियों को किताबों से अलग वास्तविक कारोबारी परिस्थितियों को समझने का अवसर मिला.

स्टार्टअप स्टॉल में दिखे नये उत्पाद और आइडिया

कार्यक्रम के दौरान स्टार्टअप स्टॉल और प्रोडक्ट शोकेस भी आयोजित किया गया. इसमें विभिन्न नवाचारों और उत्पादों का प्रदर्शन किया गया.

इसके अलावा एंटरप्रेन्योरशिप जर्नी, प्रोडक्ट लॉन्च, स्टार्टअप सक्सेस स्टोरी और स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस जैसी गतिविधियां भी हुईं. इससे विद्यार्थियों को स्टार्टअप की पूरी यात्रा को करीब से समझने का मौका मिला.

Bhagalpur News: कॉलेज को स्टार्टअप और इनोवेशन का केंद्र बनाने की तैयारी

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बिमलेश कुमार ने कहा कि संस्थान का लक्ष्य इंजीनियरिंग कॉलेज को स्टार्टअप, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में विकसित करना है.

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स को उचित मार्गदर्शन, सहयोग और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए संस्थान लगातार प्रयास कर रहा है. ऐसे आयोजन छात्रों में उद्यमिता की सोच विकसित करने के साथ उन्हें अपने आइडिया को वास्तविक कारोबार में बदलने का मंच भी देते हैं.

कार्यक्रम के आयोजन में इंजीनियरिंग कॉलेज स्टार्टअप को-ऑर्डिनेटर अभिषेक कुमार और बीएयू स्टार्टअप को-ऑर्डिनेटर मेघा कुमारी की भूमिका रही. मौके पर प्रो. शशांक शेखर, डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. कीर्ति, सनी शेखर, पुरुषोत्तम कुमार और अंशु भूषण सहित अन्य मौजूद थे.

Also Read: Patna PhD Holders Protest Live : आज शाम सरकारी प्रतिनिधियों से मिलेंगे प्रदर्शनकारी, पॉजिटिव बात न होने पर जारी रहेगा अनशन

Also Read: PhD Holders Protest: आंखों की रोशनी नहीं, लेकिन हौसला है बुलंद, विद्यानंद बोले- मांग नहीं मानी तो तिरंगे के नीचे सीने पर गोली खा लेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >