बारिश बनी काल ! आधी रात घर में मिट्टी की दीवार गिरने से दादा-पोती दबे, अस्पताल में पोती की मौत

भागलपुर के खजुडीह गांव में बारिश के कारण मिट्टी की दीवार गिरने से छह साल की बच्ची की मौत हो गई. वह अपने दादा के साथ सो रही थी जब हादसा हुआ. ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे हैं.

भागलपुर : गोराडीह थाना क्षेत्र के खजुडीह खरवा गांव में मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया. मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गयी, जिसके मलबे में दबकर छह वर्षीय बच्ची पूजा कुमारी की मौत हो गयी. हादसे में बच्ची के दादा छोपाल पासवान भी दब गये थे. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.

गिरा हुआ घर | Prabhat Khabar Network

दादा के साथ सो रही थी बच्ची

बताया गया कि पूजा कुमारी अपने दादा के साथ घर में सो रही थी. रात करीब दो बजे रुक-रुककर बारिश हो रही थी. बारिश के कारण मिट्टी की दीवार में नमी बढ़ गयी थी. इसी दौरान दीवार अचानक ढह गयी और पूजा व उसके दादा मलबे में दब गये.

दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तत्काल मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला. उस समय पूजा की सांसें चल रही थीं. परिजन आनन-फानन में उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

दादा से था बेहद लगाव

पूजा के चाचा रजनीकांत ने बताया कि परिवार का पक्का मकान अभी निर्माणाधीन है. घर तैयार नहीं होने के कारण परिवार फिलहाल एस्बेस्टस वाले हिस्से में रह रहा है. पूजा को अपने दादा से बहुत लगाव था, इसलिए वह अक्सर उनके साथ ही सोती थी.

परिजनों के अनुसार जिस मिट्टी के घर की दीवार गिरी, वह करीब 10 वर्ष पुरानी थी. लगातार बारिश से दीवार कमजोर हो गयी थी और अचानक ढह गयी.

दूसरी कक्षा में पढ़ती थी पूजा

पूजा दो बहनों और दो भाइयों में छोटी बहन थी. वह दूसरी कक्षा में पढ़ती थी. उसके पिता सुनील पासवान राजमिस्त्री का काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी से परिवार का पालन-पोषण करते हैं.

बेटी की मौत के बाद मां बेबी देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है. वहीं ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.

पहले गंगा ने छीना था घर, अब रेलवे लाइन भी खतरे में... एक क्लिक में पढ़ें शंकरपुर-राघोपुर के लोग फिर क्यों हो रहे बेघर?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >