Bhagalpur Kali Temple Theft: नाथनगर (भागलपुर). शाहपुर स्थित काली मंदिर से 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के करीब 24 किलो चांदी के सामान की चोरी मामले में भागलपुर पुलिस को अहम सफलता मिली है. पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हालांकि चोरी गई मां काली की करीब 11 किलो वजनी चांदी की प्रतिमा और अन्य कीमती सामान की तलाश अभी जारी है.
13 जुलाई को दर्ज हुआ था मामला
शाहपुर निवासी अशोक कुमार सिंह के आवेदन पर 13 जुलाई 2026 को नाथनगर थाना में मामला दर्ज किया गया था. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में नगर-2 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित की गयी थी.
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की. जांच के दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज स्थित पितांबर चौक के पास छिपे हुए हैं. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की.
छह आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने सबसे पहले बिट्टू कुमार को हिरासत में लिया. उसकी निशानदेही पर बादल कुमार, राजू उर्फ अभय कुमार, छबिल कुमार, सोनू कुमार और अंजनी दूबे को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो चांदी के मुकुट, एक चांदी का झांप तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया सीएनजी टेंपो बरामद किया गया.
11 किलो की प्रतिमा अब भी नहीं मिली
पुलिस के अनुसार करीब 11 किलो वजनी मां काली की चांदी की प्रतिमा सहित अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने जारी रखी है कार्रवाई
Bhagalpur Kali Temple Theft: एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच जारी है. पुलिस का प्रयास है कि चोरी गया पूरा सामान बरामद कर इस पूरे गिरोह का खुलासा किया जाये.
