Sanchita Basu Thukra Ke Mera Pyaar 2: वेब सीरीज ‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ की सफलता के बाद अभिनेत्री संचिता बसु ने बुधवार को भागलपुर में अपने फैंस का आभार जताया. तिलकामांझी हनुमान पथ स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीरीज को दर्शकों ने जिस तरह प्यार दिया, वह उनके लिए बेहद खास है. 50 एपिसोड वाली इस वेब सीरीज को करोड़ों दर्शकों ने देखा है, जबकि इसके 10 लाख से ज्यादा रील बन चुके हैं. प्यार, धोखा, बदला और राजनीति के इर्द-गिर्द घूमती कहानी ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी.
संचिता बसु ने कहा कि 50 एपिसोड और 10 लाख से ज्यादा रील बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ उनके करियर के बेहद खास प्रोजेक्ट्स में से एक है. उन्होंने बताया कि सीजन वन और सीजन टू की शूटिंग के लिए पूरी टीम ने कई महीनों तक कड़ी मेहनत की.
सीजन वन के बाद दूसरे सीजन का था बेसब्री से इंतजार
अभिनेत्री ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला था. इसके बाद लोगों को दूसरे सीजन का बेसब्री से इंतजार था. सीजन टू को भी दर्शकों ने उम्मीद से बढ़कर प्यार दिया. उन्होंने कहा कि दर्शकों के इस प्यार ने पूरी टीम की मेहनत को सफल बना दिया.
सीजन 3 को लेकर पूछे गये सवाल पर संचिता बसु ने फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि इसके लिए दर्शकों को अभी इंतजार करना होगा. हालांकि अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर उन्होंने कहा कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो बहुत जल्द फैंस को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है.
सलमान खान को बताया अपना क्रश
बातचीत के दौरान संचिता बसु ने अपनी पसंद के बारे में भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि सलमान खान उनके क्रश हैं. अगर कभी मौका मिला, तो वह सलमान खान के साथ बड़े पर्दे पर काम करना जरूर चाहेंगी.
शानविका और कुलदीप की कहानी ने बांधे रखा दर्शकों को
‘ठुकरा के मेरा प्यार 2’ की कहानी पहले सीजन की घटनाओं के बाद आगे बढ़ती है. कहानी के केंद्र में शानविका चौहान और कुलदीप कुमार का रिश्ता है. दोनों के बीच प्यार, धोखा और पुराने जख्म एक बार फिर सामने आते हैं.
दूसरे सीजन में शानविका पहले से ज्यादा मजबूत और रणनीतिक नजर आती है. वहीं कुलदीप के जीवन में प्यार, पछतावे और बदले की भावनाएं एक साथ दिखाई देती हैं. दोनों के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी धीरे-धीरे सत्ता और राजनीति की लड़ाई में बदल जाती है.
सितारपुर की राजनीति में कई नये किरदारों और साजिशों की एंट्री कहानी को और रोमांचक बनाती है. शानविका को लगातार नयी चुनौतियों और दुश्मनों का सामना करना पड़ता है. प्यार और सत्ता की इस जंग में रिश्तों की परीक्षा होती है और कई राज सामने आते हैं.
सीरीज की कहानी सस्पेंस, इमोशन, बदले और बड़े ट्विस्ट के साथ आगे बढ़ती है. यही वजह है कि दूसरे सीजन ने दर्शकों को आखिरी एपिसोड तक बांधे रखा.
Sanchita Basu Thukra Ke Mera Pyaar 2: ‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में केंद्रीय भूमिका में हैं संचिता बसु
‘ठुकरा के मेरा प्यार’ में संचिता बसु केंद्रीय भूमिका निभा रही हैं. सीजन टू की सफलता के बाद भागलपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दर्शकों और फैंस के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि किसी प्रोजेक्ट को इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों का प्यार मिलना कलाकार और पूरी टीम के लिए बेहद खास अनुभव है.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
