भागलपुर में 10-11 सितंबर को भादो अमावस उत्सव, राणी सती मंदिर में दो दिन गूंजेगा भक्ति-संगीत

भागलपुर के रानी सती मंदिर परिसर में 10 और 11 सितंबर को दो दिवसीय भादो अमावस उत्सव का आयोजन होगा. 145 वर्षों की परंपरा को निभाते हुए, इस साल भी विशेष मंगलपाठ, भजन संध्या और भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा.

भागलपुर : चुनिहारी टोला स्थित राणी सती मंदिर परिसर में इस वर्ष दो दिवसीय भादो अमावस उत्सव एवं मेला 10 और 11 सितंबर को आयोजित होगा. श्री दादीजी सेवा समिति की ओर से आयोजित इस धार्मिक उत्सव में राणी सती दादी के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका, मंगलपाठ, भजन संध्या और जागरण समेत कई कार्यक्रम होंगे. आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.

राणी सती दादीजी. | Prabhat Khabar Network

145 साल से जारी है आयोजन

श्री दादीजी सेवा समिति की ओर से आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है. अध्यक्ष अनिल खेतान और महामंत्री ओमप्रकाश कानोडिया के संचालन में कार्यक्रम होगा. प्रवक्ता चांद झुनझुनवाला ने बताया कि भागलपुर के चुनिहारी टोला स्थित मुख्य राणी सती मंदिर में पिछले 145 वर्षों से भादो अमावस उत्सव आयोजित होता आ रहा है.

उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार राणी सती दादी का प्राकट्य करीब 750 वर्ष पहले राजस्थान के झुंझुनू में त्रिशूल के रूप में हुआ था. उनके भक्तों और वंशजों द्वारा तब से पूजा-अर्चना की परंपरा चली आ रही है.

कोलकाता के सोनू-मोनू कराएंगे नृत्य-नाटिका और मंगलपाठ

10 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे कोलकाता के मंगलपाठ वाचक सोनू-मोनू के नेतृत्व में दादीजी के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका और मंगलपाठ का आयोजन होगा. इसमें 500 से अधिक महिलाएं शामिल होकर मंगलपाठ का वाचन करेंगी.

मंगलपाठ के दौरान चुनरी उत्सव, गजरा उत्सव, मेहंदी उत्सव और फूल उत्सव भी आयोजित होंगे. महिलाएं दादी की पूजा कर सुहाग की मंगलकामना और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करेंगी.

पटना की पूनम धानुका की भजन प्रस्तुति

10 सितंबर की रात जागरण और ज्योत पूजन के साथ भजन संध्या होगी. इसमें पटना की पूनम धानुका भजनों की प्रस्तुति देंगी. आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना की व्यवस्था भी रहेगी.

11 सितंबर को 5 हजार परिवार करेंगे विशेष पूजन

11 सितंबर को सुबह 4 बजे भागलपुर के करीब 5 हजार परिवारों द्वारा दादीजी का विशेष पूजन किया जाएगा. इसके बाद दिन में भजन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम होंगे.

शाम 4 बजे राणी सती मंदिर परिसर में भव्य मेला लगाया जाएगा. इसमें बच्चों के लिए झूले, विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के अन्य साधन उपलब्ध रहेंगे.

कोलकाता के कलाकार सजा रहे मंदिर परिसर

उत्सव को लेकर मंदिर को भव्य रूप से सजाने का काम शुरू हो गया है. कोलकाता के कलाकार मंदिर परिसर की सजावट में जुटे हैं. दादीजी का दरबार फूलों और अन्य सजावटी सामग्री से सजाया जाएगा.

आयोजकों के अनुसार भागलपुर के अलावा सुल्तानगंज, नवगछिया, बौंसी समेत आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में दादी भक्त उत्सव में शामिल होंगे.

मेला उद्घाटन में नगर विधायक रोहित पांडे, मुख्य अतिथि संजय शाह, विशिष्ट अतिथि श्रवण बाजोरिया, डॉ. प्रीति शेखर, अश्विन जोशी मोंटी, शांडिल्य नंदीकेश समेत अन्य अतिथियों के शामिल होने की बात कही गयी है.

आयोजन की सफलता को लेकर संरक्षक शिवकुमार अग्रवाल, अध्यक्ष अनिल खेतान, महामंत्री ओमप्रकाश कानोडिया, चांद झुनझुनवाला, अरुण झुनझुनवाला, निगम खेमका, दीपक नवलगाड़िया, मनोज चूड़ीवाला समेत समिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं.

यह भी पढ़ें : मन्नत पूरी हो तो चढ़ाते हैं बांसुरी! एक जमींदार की इच्छा से शुरू हुई पूजा, आज गोसाईंगांव की पहचान है श्रीकृष्ण मंदिर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >