bhagalpur news. राजधानी एक्सप्रेस पर फिर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा

राजधानी एक्सप्रेस पर फिर पथराव.

नवगछिया-कटरिया स्टेशन के बीच हुई घटना, यात्रियों में मची अफरातफरी, केस दर्ज कटिहार बरौनी रेलमार्ग के नवगछिया-कटरिया स्टेशन के बीच फिर राजधानी एक्सप्रेस पर पथराव का मामला सामने आया है. पथराव से ट्रेन की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया है. हालांकि, किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कोच में बैठे यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा. जानकारी के अनुसार नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस करीब 8 बजकर 42 मिनट पर नवगछिया स्टेशन से रवाना हुई थी. नवगछिया से खुलने के लगभग आठ मिनट बाद असामाजिक तत्वों ने पथराव किया. कोच एटेंडेंट के अनुसार अचानक जोरदार आवाज के साथ शीशा क्षतिग्रस्त होने पर यात्रियों में दहशत फैल गई. रेलकर्मियों ने यात्रियों को शांत कराया और स्थिति का जायजा लिया. बताया गया कि ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही. बाद में न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पहुंचने पर घटना की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और संबंधित अधिकारियों को दी गई. आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नवगछिया आरपीएफ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. आरपीएफ इंस्पेक्टर मुन्ना पासी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पथराव करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि नवगछिया-कटिहार स्टेशनों के बीच ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पूर्व में भी सामने आती रही हैं. राजधानी जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन पर बार-बार हो रही पत्थरबाजी रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है.स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kali kinker mishra

काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >