Bhagalpur News: सोने की चमक दिखा ठगी करने वालों को पकड़ने में पुलिस विफल

सोने की चमक दिखा ठगी करने वालों को पकड़ने में पुलिस विफल

संवाददाता, भागलपुर

भागलपुर में नकली सोना दिखा कर ठगी करने वाले गिरोह की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो गयी है. शहर में एक गिरोह पिछले कई वर्षों से नकली सोने की गिल्लट दिखा कर आमलोगों से ठगी की घटना को अंजाम देता आ रहा है. ये शातिर बड़ी सफाई से पुलिस को चकमा देकर रफू-चक्कर हो जाते हैं. सोना देख कर ठगी का शिकार हुए ऐसे कई मामले हैं. ठगी को अंजाम देने वाले ये शातिर दूरदराज से आनेवाले लोगों को अपना निशाना बनाते हैं. कम कीमत में सोना मिलने के लोभ से लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं. अमूमन शहर की भीड़-भाड़ वाले इलाके में ऐसे शातिर लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए ऐसी जगह अख्तियार करते हैं.

स्टेशन चौक बन गया है ठगी का हॉट स्पॉट

बता दें कि शहर का स्टेशन चौक नकली सोना की ठगी का हॉट स्पाॅट बन गया है. जबकि, एक नंबर गुमटी, रेलवे कॉलोनी, गुरहट्टा चौक, बाउंसी पुल, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी जैसे इलाकों से भी ठगी के मामले सामने आये हैं. ठगी के शिकार रजौन निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह कुछ दिनाें पूर्व बांका इंटरसिटी से आ रहे थे, तभी उन्होंने दो व्यक्तियों को आपस में स्टेशन के बाहर झगड़ते देखा. जब उन्होंने कारण पूछा, तो उन्हीं में से एक बुजुर्ग ने कहा कि वह बेटी की शादी के लिए पैसे इकट्ठा कर रहे हैं. घर में पड़े गिल्लट को बेच कर शादी करेंगे लेकिन बेटा बेचने से मना कर रहा है. अब मेरी बेटी की शादी कैसे होगी. देखते ही देखते दोनों ठगों ने उन्हें झांसे में ले लिया. और लगभग 40 हजार की ठगी कर ली. पीड़ित ने अज्ञात ठगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. हाल की अगर बात करें, तो एक माह पूर्व मायागंज अस्पताल में महिला को नकली सोना दिखाकर ठगाें ने घटना को अंजाम दिया था. पुलिस इन ठगों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SANJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >