भागलपुर : मौसम में तेजी से बदलाव के बाद जिले के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. सोमवार की देर शाम से तेज हवा के साथ हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया. सावन में बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिली और वातावरण सुहाना हो गया. दिन में धूप निकलने के बाद शाम होते-होते तेज हवा चलने लगी, जिससे तापमान में गिरावट महसूस हुई. इसके बाद हुई बारिश ने लोगों को और राहत पहुंचायी.
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त तक जिले में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है. इस दौरान बादल छाये रहने और बारिश होने के आसार हैं.
बारिश धान की फसल के लिए अमृत समान
तेज हवा के साथ हुई बारिश धान की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत लेकर आयी है. खेतों में लगी धान की फसल को इस बारिश से पर्याप्त नमी मिलने की उम्मीद है. किसानों के अनुसार इस समय धान की फसल के लिए बारिश बेहद जरूरी है. समय पर हुई बारिश से सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम हो सकता है.
हालांकि, तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी फसल को लेकर किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है. अधिक तेज हवा और लगातार बारिश होने पर कुछ इलाकों में फसल गिरने की समस्या भी उत्पन्न हो सकती है.
कांवरियों को भी मिली राहत
सावन के दौरान बाबा धाम जाने वाले कांवरियों के लिए भी बदला मौसम राहत लेकर आया है. तेज धूप और उमस से परेशान कांवरियों को बारिश और ठंडी हवा से राहत मिलेगी. मौसम सुहाना होने से कांवरिया उत्साह के साथ बाबा नगरी की ओर बढ़ रहे हैं.
