भागलपुर : बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत की उम्मीद थी, लेकिन गुरुवार सुबह से ही तेज धूप और उमस ने परेशानी बढ़ा दी. बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहने और फिर बारिश की संभावना के बावजूद दिनभर अपेक्षित बारिश नहीं हुई. तेज धूप के कारण सड़क पर निकलने वाले लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा.
रक्षाबंधन की खरीदारी के बीच बाजारों में बढ़ी भीड़
शुक्रवार को रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार से ही शहर के बाजारों में चहल-पहल बढ़ गयी थी. मिठाई, राखी और उपहार की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही. बाजार में अधिक भीड़ के कारण लोगों को उमस और गर्मी के बीच खरीदारी करनी पड़ी.
रक्षाबंधन के दिन भी तेज धूप ने किया परेशान
शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी. रक्षाबंधन के दिन भी मौसम ने लोगों को राहत नहीं दी. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक तेज धूप और उमस से परेशान रहे. लोग छांव और ठंडक की तलाश करते नजर आए.
बारिश और तेज हवा का इंतजार
मौसम विभाग की ओर से तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी थी, लेकिन अपेक्षित बारिश और हवा नहीं हुई. इसके कारण उमस और बढ़ गयी. बारिश होने पर तापमान में गिरावट के साथ लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : लापरवाही का विरोध राजनीति नहीं, इंसानियत और जिम्मेदारी : राघोपुर नाव हादसे पर पूर्व सांसद
