भागलपुर तक चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, पश्चिम रेलवे की सहमति के बाद बढ़ीं उम्मीदें

Amrit Bharat Express Bhagalpur Extension: भागलपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी. अहमदाबाद के लिए पहली सीधी ट्रेन मिलने का रास्ता लगभग साफ, रेलवे बोर्ड की मंजूरी का लोगों को इंतजार है.

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

पटना से अहमदाबाद के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का विस्तार अब भागलपुर तक होने जा रहा है. पश्चिम रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक ने ट्रेन को भागलपुर तक चलाने पर सहमति दे दी है. पूर्व रेलवे की ओर से भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब रेलवे बोर्ड की अंतिम स्वीकृति का इंतजार है. हरी झंडी मिलते ही ट्रेन परिचालन की तिथि घोषित कर दी जाएगी. इससे भागलपुर और आसपास के जिलों के यात्रियों को अहमदाबाद के लिए पहली सीधी रेल सेवा मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है.

रेलवे की मंजूरी से परियोजना को मिली गति

जानकारी के अनुसार पूर्व रेलवे ने अमृत भारत एक्सप्रेस के भागलपुर विस्तार को लेकर पश्चिम रेलवे को प्रस्ताव भेजा था. इससे पहले मालदा रेल मंडल से इस संबंध में व्यवहार्यता रिपोर्ट मांगी गई थी. भागलपुर और मालदा स्तर पर तकनीकी एवं परिचालन संबंधी जांच के बाद सकारात्मक रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी गई. इसके बाद पश्चिम रेलवे ने भी अपनी सहमति प्रदान कर दी है.

नवंबर से शुरू हो सकता है परिचालन

रेलवे सूत्रों के अनुसार यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो गईं तो नवंबर से अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन भागलपुर से शुरू किया जा सकता है. रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी.

डबल संटिंग लाइन का काम हुआ तेज

भागलपुर स्टेशन पर ट्रेन के रखरखाव और खड़ी करने की व्यवस्था को लेकर रेलवे गुमटी नंबर एक से तीन तक डबल संटिंग लाइन का निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है. ट्रेन के भागलपुर पहुंचने के बाद शाम तक इसे स्टेशन परिसर में रखा जाएगा. इस दौरान इसकी सफाई, धुलाई और तकनीकी जांच की जाएगी. इसी वजह से अतिरिक्त ट्रैक की आवश्यकता को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है.

सुबह पहुंचेगी ट्रेन, शाम को होगी रवाना

प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन शुक्रवार की शाम 4:45 बजे भागलपुर स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होगी. इस दौरान लगभग 10 घंटे तक ट्रेन भागलपुर स्टेशन परिसर में रहेगी.

जमालपुर और सुल्तानगंज को भी मिलेगा लाभ

भागलपुर तक विस्तार होने के बाद यह ट्रेन पटना के बाद जमालपुर और सुल्तानगंज स्टेशन पर भी रुकेगी. इससे मुंगेर, भागलपुर और बांका क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी.

22 कोच वाली ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी

वर्तमान में 22 कोच वाली अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को पटना और अहमदाबाद के बीच संचालित होती है. भागलपुर तक विस्तार के बाद यह ट्रेन क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण लंबी दूरी की रेल सेवाओं में शामिल हो जाएगी.

भागलपुर में होगा राउंड ट्रिप रखरखाव

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव अहमदाबाद में किया जाएगा, जबकि राउंड ट्रिप मेंटेनेंस और नियमित निरीक्षण भागलपुर में होगा. इसके लिए स्टेशन पर आवश्यक आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: LALIT KISHORE MISHRA

Published by: AMIT KR SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >