Bhagalpur news अवैध नर्सिंग होम, पैथोलॉजी व एक्स-रे केंद्रों की हुई जांच

प्रखंड क्षेत्र में संचालित नर्सिंग होम, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड तथा एक्स-रे केंद्रों की व्यापक जांच अभियान चलाया.

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिहपुर की गठित टीम ने प्रखंड क्षेत्र में संचालित नर्सिंग होम, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड तथा एक्स-रे केंद्रों की व्यापक जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान कई संस्थानों से आवश्यक रजिस्ट्रेशन एवं अन्य वैध कागजात की मांग करते हुए संबंधित संचालकों को 24 घंटे के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. जांच की शुरुआत जेआर हॉस्पिटल कठौतिया सोनवर्षा से की गई. टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही संचालक अस्पताल बंद कर फरार हो गया. मौके पर केवल दो प्रशिक्षु स्टाफ तथा एक कर्मचारी मो आजाद मौजूद मिले, जो आवश्यक कागजात से संबंधित कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके. इसके बाद टीम मां लक्ष्मी नर्सिंग होम सोनवर्षा पहुंची, जहां यहां अमित कुमार नामक व्यक्ति ने स्वयं को अस्पताल का संचालक बताया. निरीक्षण के दौरान एनबीसीसी रूम में एक नवजात शिशु मिला, परंतु उससे संबंधित कोई संतोषजनक जानकारी टीम को उपलब्ध नहीं कराई गई. अन्य कमरों को भी बंद कर दिया गया, जिससे जांच प्रक्रिया बाधित हुई. टीम ने आगे मां शारदे नर्सिंग होम बिहपुर का निरीक्षण किया. यहां संचालक अमित कुमार और उनकी पत्नी मौजूद थीं. उन्होंने टीम को अस्पताल के कमरे दिखाने से इनकार कर दिया. बताया कि वहां तीन महिलाओं का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था, जबकि निरीक्षण के समय न तो कोई डॉक्टर उपस्थित थे और न ही नर्सिंग स्टाफ था. टीम द्वारा कमरे खोलने के आग्रह पर भी सहयोग नहीं किया गया, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया. पुलिस के पहुंचने पर भी चाबी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई. इसके बाद साक्षी एक्स-रे केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां भी आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं पाए गए. संचालक को 24 घंटे के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. मां उर्मिला नर्सिंग होम तथा डॉ सीबी चौधरी के क्लीनिक में भी जांच के दौरान कागजात उपलब्ध नहीं मिले. संबंधित कर्मचारियों को नोटिस देते हुए निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि प्रखंड क्षेत्र में संचालित अवैध नर्सिंग होम के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा. जिला पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन के निर्देशानुसार बिना वैध अनुमति संचालित संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जांच अभियान में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक केजरीवाल, डॉ रोशन कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार भट्ट तथा बीसीएम शमशाद आलम शामिल रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Jitendra tomar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >