बिहार में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, हथियारों का जखीरा बरामद, मास्टरमाइंड फरार

Bihar News: भागलपुर के सुल्तानगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की एक मिनी फैक्ट्री का खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हथियार और निर्माण से जुड़ा भारी सामान बरामद किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया.

Bihar News: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों के साथ भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए हैं. हालांकि, पुलिस कार्रवाई से पहले ही मुख्य आरोपी मो. शरीफ उर्फ कटकू फरार हो गया.

आपराधिक इतिहास से जुड़ा है आरोपी

मो. शरीफ उर्फ कटकू का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. वह मुंगेर जिले के बरियारपुर से आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है, साथ ही सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में भी उस पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि वह लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण और तस्करी में संलिप्त रहा है.

छापेमारी में ये सामान मिले

पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक निर्मित देसी पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, चार मैगजीन, तीन ड्रिल मशीनें और भारी मात्रा में कच्चा माल जब्त किया है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह मिनी फैक्ट्री लंबे समय से इलाके में सक्रिय थी और इसके तार बाहरी नेटवर्क से भी जुड़े हो सकते हैं.

गहराई से की जा रही जांच

थाना प्रभारी विवेक जायसवाल ने बताया कि पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए छानबीन की जा रही है. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का भंडाफोड़ कर लिया जाएगा. अवैध हथियार कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में यह कार्रवाई एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

Also Read: बिहार बना ‘आमों का इंटरनेशनल हब’, इस जिले में उगाए जाएंगे दुनिया के सबसे महंगे और मीठे आम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >