भागलपुर से
ऋषवमिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट,
भागलपुल जिले केकहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमारी पहाड़ मोहल्ले में प्रेम विवाह के बाद जहर खाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं युवती का इलाज अब भी मायागंज अस्पताल में चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि वह लगातार पेट दर्द और गला दर्द की शिकायत कर रही है. जानकारी के अनुसार, अमडंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी 20 वर्षीय लक्ष्मीकांत कुमार और बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत जबरा गांव निवासी 18 वर्षीय अमृता कुमारी ने शुक्रवार को मंदिर में प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद पारिवारिक विरोध और तनाव से परेशान होकर दोनों ने कथित रूप से कीटनाशक पदार्थ खा लिया था. गंभीर हालत में पहले कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए दोनों को मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया था. इलाज के दौरान शनिवार को लक्ष्मीकांत कुमार की मौत हो गई.
कहलगांव में रहता था लक्ष्मीकांत और अपने ननिहाल में रहती थी युवती
लक्ष्मीकांत के पिता सुभाष सिंह गिरिडीह में रहते हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद वह भागलपुर जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल पहुंचे थे. सुभाष सिंह ने बताया कि इंटर की पढ़ाई के बाद से ही उसका पुत्र लक्ष्मीकांत, कहलगांव स्थित तीन पहाड़ मोहल्ले में रह कर पढ़ाई करता था. यहां रहने की लिए उनलोगों को अपनी जमीन है. घटना की जानकारी मिलते ही वह ट्रेन से भागलपुर पहुंचे, अस्पताल में अपने पुत्र को देखा तो वह कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं था. पिता ने बताया कि पुत्र के प्रेम प्रसंग की जानकारी उन्हें चार माह पहले हुई थी. उसने पुत्र को समझाया था कि पहले पढ़ लो बेटा, फिर शादी विवाह के बारे में सोचा जाएगा. पिता ने बताया कि उसने कहा था कि अपना करियर बना लो फिर जिस लड़की से कहोगे, उसी से तुम्हारी शादी करा देंगे. पिता ने बताया कि लड़की को वह पहचानते भी नहीं थे, लेकिन जब प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली तो पता चला कि वह किस परिवार की लड़की है. युवक के पिता ने बताया कि लड़की का आमडंडा में ननिहाल है और वह यही पर रह कर पढ़ाई करती है.
शादी से पहले ही की थी जहर खाने की प्लानिंग
युवती अमृता ने बताया कि डेढ़ साल से वे दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं. शुरुआत लक्ष्मी ने ही किया था, उसने अपना मोबाइल नंबर दिया जिसके बात पहले उनलोगों ने बातचीत की फिर दोनों प्यार करने लगे. लड़की ने बताया कि दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी दोनों के परिवार वालों को थी. लड़की ने बताया कि उनलोगों को बताया गया था कि शादी मत करना नहीं तो दोनों को खोज कर मार देंगे. शुक्रवार को वह लक्ष्मी के घर पर 1.30 बजे कहलगांव पहुंची थी. दोनों ने मिल कर निर्णय लिया कि जब हमारी शादी को घरवाले स्वीकार नहीं करेंगे तो हमलोग शादी करके जहर खा लेंगे. दोपहर बाद तीन बजे शादी की और साढ़े तीन बजे दोनों ने जहर खा लिया.
जहर खाने के बाद लक्ष्मी ने वीडियो बना कर घर वाले मोबाइल पर भेजा, अंतिम बार लक्ष्मी ने मां से की बातचीत
युवती ने बताया कि शादी के आधे घंटे बाद उनलोगों ने जहर खा लिया था. इसके बाद लक्ष्मी ने अपने घर पर एक वीडियो बना कर भेजा और जहर खा लेने की भी जानकारी दी. फिर लक्ष्मी ने फोन कर अपनी मां को पूरी जानकारी दी, मां उसे समझाने लगी और कह रही थी, तुमको ऐसा नहीं करना चाहिए. फिर घर से ही फोन से आसपास के लोगों को जानकारी दी गई. आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर दोनों को इलाज के लिए कहलगांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच रेफर किया गया.
सुबह तक नहीं पहुंचे तो लड़की के परिवार वाले
घटना के बाद शुक्रवार को देर रात अमृता ने अपने परिजनों को जानकारी दी थी. अमृता ने बताया कि सुबह उसके परिजन घर से रवाना हो गए थे, लेकिन शनिवार सुबह नौ बजे समाचार लिखे जाने तक वे लोग अस्पताल नहीं पहुंचे थे. दूसरी तरफ लड़के की मां का घटना के बाद से ही बुरा हाल था, वह बार बार बेहोश हो जा रही थी. चिकित्सकों से परामर्श के बाद उसे घर भेजा गया. लक्ष्मी के परिजन गहरे सदमे में हैं. इधर मायागंज स्थित बरारी थाना पुलिस ने लक्ष्मी के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
