तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय अधेड़ की मौत, गुस्साए लोगों ने एकचारी-महगामा सड़क किया जाम

भागलपुर के कहलगांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को शव को सड़क पर रखकर यातायात जाम कर दिया.

भागलपुर जिले के कहलगांव अंतर्गत रसलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. भोलसर पानी टंकी के पास तेज रफ्तार बाइक की सीधी टक्कर लगने से 60 वर्षीय एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान भागलपुर के मायागंज अस्पताल में मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को शव को सड़क पर रखकर एकचारी-महगामा मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया.

पानी टंकी के पास तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

मृतक की पहचान रसलपुर थाना क्षेत्र के भोलसर गांव निवासी 60 वर्षीय नरेश सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, नरेश सिंह शनिवार की रात भोलसर पानी टंकी के समीप मौजूद थे, तभी अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया. हालांकि, मायागंज अस्पताल में इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे एक पुत्र, एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, वाहनों की लगी लंबी कतार

नरेश सिंह की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो उठे. रविवार को परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर एकचारी-महगामा मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया और यातायात बाधित कर दिया. सड़क जाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर यात्री बस और मालवाहक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. परिजनों ने टक्कर मारने वाले बाइक सवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए उचित आर्थिक मुआवजे की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By असद अशरफी

असद अशरफी प्रिंट माध्यम से पिछले 2 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कहलगांव (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. राजनीति, खेल और धर्म-आध्यात्म में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >