भादो में फिर खिल उठा ‘माघी फूल’, अंगिका के इस गीत को नये अंदाज में लेकर आये आलोक राज

दिवंगत गीतकार भगवान प्रलय की लोकप्रिय अंगिका रचना 'माघी फूल' को युवा कलाकार आलोक राज एक नए अंदाज़ और संगीत के साथ पेश कर रहे हैं. इस गीत के आने से पहले ही अंगिका प्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है. जानें कब होगा इसका आधिकारिक रिलीज़.

Maghi Phool Angika Song: भादो का महीना है, लेकिन इन दिनों अंगिका प्रेमियों के बीच ‘माघी फूल’ की चर्चा है. वजह है वर्षों पहले दिवंगत मशहूर आंचलिक गीतकार और रचनाकार भगवान प्रलय का लिखा चर्चित गीत, जो अब नये अंदाज और नये स्वर के साथ सामने आ रहा है. आलय से जुड़े युवा रंगकर्मी आलोक राज ने इस गीत को अपनी आवाज दी है और इसके म्यूजिक वीडियो में अभिनय भी किया है.

खास बात यह है कि यह एलबम अभी आधिकारिक रूप से रिलीज नहीं हुआ है. इसके बावजूद गीत को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है और अंगिका प्रेमी इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

पुराने गीत को नयी पीढ़ी की आवाज

‘माघी फूल’ की रचना मशहूर गीतकार व रचनाकार भगवान प्रलय ने वर्षों पहले की थी. अब उनकी इस रचना को युवा कलाकार आलोक राज ने अपनी आवाज देकर नयी पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की है.

युवा रंग निर्देशक चैतन्य प्रकाश ने बताया कि आलोक राज इससे पहले भी अंगिका में कई गीत प्रस्तुत कर चुके हैं. उनके कई गीत सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किये गये हैं. इस बार ‘माघी फूल’ के जरिये अंगिका की मिठास और आंचलिक भावनाओं को नये संगीत और वीडियो के साथ पेश किया गया है.

आलोक राज ने गीत गाने के साथ म्यूजिक वीडियो में अभिनय भी किया है. उनके साथ आरती कुमारी ‘किट्टू’ नजर आ रही हैं. दोनों की मौजूदगी ने वीडियो को एक अलग रंग दिया है.

संगीत से लेकर निर्देशन तक कई कलाकार जुड़े

‘माघी फूल’ को सिर्फ आवाज देने तक ही सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसके निर्माण में कई कलाकारों और तकनीकी टीम ने योगदान दिया है. गीत का संगीत अफरीदी ने तैयार किया है. राज किशोर, गौरव और श्वेता शंकर ने भी इसके निर्माण में अहम भूमिका निभायी है.

म्यूजिक वीडियो के डीओपी बिट्टू कुमार हैं, जबकि इसका निर्देशन संजीव संगम ने किया है. यू-ट्यूब चैनल पर इस गीत को सोमेश यादव रिलीज करेंगे.

यानी एक पुराने अंगिका गीत को नये कलाकारों, नये संगीत और म्यूजिक वीडियो के जरिये दर्शकों तक पहुंचाने की पूरी तैयारी है.

रिलीज से पहले ही बढ़ी लोगों की उत्सुकता

अभी ‘माघी फूल’ एलबम रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन इसके कलाकारों और निर्माण से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद अंगिका प्रेमियों की नजर इसके रिलीज पर टिक गयी है. खासकर क्षेत्रीय भाषा और लोक संस्कृति से जुड़े गीतों को पसंद करने वाले लोगों में इसे लेकर उत्सुकता देखी जा रही है.

आलोक राज ने कहा कि यह गीत वास्तव में लोगों को अंगिका की मिठास से परिचित करायेगा. उनके अनुसार, अंगिका केवल बातचीत की भाषा नहीं, बल्कि इसमें लोकजीवन, भावनाओं और संस्कृति की भी गहरी छाप है. ‘माघी फूल’ इसी मिठास को नये अंदाज में सामने लाने का प्रयास है.

Maghi Phool Angika Song: आलय के कलाकारों ने दी बधाई

आलोक राज के इस नये प्रयास पर आलय से जुड़े कलाकारों और रंगकर्मियों ने भी उन्हें बधाई दी है. शशि शंकर, डॉ चैतन्य, रंजीत, सूरज, अतुल, दिवाकर, आशीष, विकास, विक्रम, मिथलेश, आदित्य और विवेक समेत अन्य कलाकारों ने आलोक राज को शुभकामनाएं दीं.

भगवान प्रलय की पुरानी रचना को नयी आवाज मिलने से अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ‘माघी फूल’ अंगिका प्रेमियों के बीच कितना पसंद किया जाता है. फिलहाल गीत के आधिकारिक रिलीज का इंतजार है.

Also Read: “बाप रे! सब कुछ बह गया…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी से भटककर मुजफ्फरपुर पहुंची डरी-सहमी महिला

Also Read: बिहार में बढ़ रहा बाढ़ का खतरा, गंगा-गंडक के बाद सोन भी उफनाई, 56 गेट खुले, कई इलाकों में तबाही

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >