भागलपुर: रक्षाबंधन को लेकर गुलजार हुए बाजार, कुंदन और लुम्बा राखी की धूम; 6 करोड़ के पार जाएगा कारोबार

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भागलपुर के बाज़ार सज गए हैं, जहाँ राखियों और उपहारों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है. इस साल बाढ़ जैसी आपदाओं के न होने से कारोबारियों में भारी उत्साह है और 6 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की उम्मीद है. कुंदन, लुम्बा, बच्चों की फैंसी राखियों से लेकर चंदन और रुद्राक्ष वाली पारंपरिक राखियों तक, हर पसंद के लिए कुछ खास उपलब्ध है.

रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर भागलपुर के मुख्य बाजारों में चहल-पहल तेज हो गई है. सुजागंज, मारवाड़ी टोला लेन और वेराइटी चौक सहित शहर के तमाम चौक-चौराहों पर राखी और गिफ्ट की दुकानें पूरी तरह सज गई हैं. इस वर्ष बाढ़ या किसी अन्य प्राकृतिक आपदा का प्रकोप न होने के कारण बाजार में भारी उत्साह देखा जा रहा है. कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार बिक्री में 10 से 15 प्रतिशत तक की उछाल आएगी, जिससे राखी का कुल कारोबार 6 करोड़ रुपये के पार जा सकता है. बाजार में पांच रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक की शानदार राखियां उपलब्ध हैं.

6 करोड़ का कारोबार, दिल्ली-जयपुर से सज रहा बाजार

भागलपुर राखी के थोक बाजार का एक बड़ा केंद्र बन चुका है. जिले में 45 थोक राखी कारोबारी और 200 से अधिक छोटे-बड़े विक्रेता हैं. थोक बाजार में करीब डेढ़ माह तक प्रतिदिन 10 से 12 लाख रुपये का कारोबार होता है. इस हिसाब से केवल राखी से लगभग 6 करोड़ रुपये का व्यवसाय होने का अनुमान है. कारोबारियों के अनुसार, भागलपुर में मुख्य रूप से कोलकाता, दिल्ली और जयपुर से राखियां मंगाई जाती हैं. यहां से खगड़िया, मुंगेर, बेगूसराय, बांका के साथ-साथ झारखंड के गोड्डा, धनबाद और देवघर जैसे जिलों में राखियों की आपूर्ति की जाती है.

युवाओं को कुंदन, महिलाओं को भा रही लुम्बा राखी

बाजार में इस बार हर वर्ग की पसंद का खास ख्याल रखा गया है. थोक कारोबारी रितेश धर्मानी ने बताया कि युवाओं के बीच इस बार 'कुंदन स्पेशल' राखी का जबरदस्त क्रेज है, जिसमें स्टोन और डायमंड की तरह स्पेशल वर्क किया गया है. वहीं, महिलाओं के लिए लुम्बा और छकलिया राखी का प्रचलन बढ़ा है. बच्चों को लुभाने के लिए बटरफ्लाई, म्यूजिकल और लाइट वाली राखियों के साथ-साथ टेडी वियर, बार्बी डॉल, स्पाइडरमैन, छोटा भीम, डोरेमोन और मिक्की माउस जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां बाजार में छाई हुई हैं. राखी पैकिंग के लिए 15 से 400 रुपये तक के डिजाइनर पैक भी खूब बिक रहे हैं.

कच्चे धागे और धार्मिक राखियों की मांग में इजाफा

आधुनिक राखियों के साथ-साथ पारंपरिक और धार्मिक राखियों का महत्व भी बरकरार है. राखी दुकानदार सुरेश कुमार के अनुसार, लोगों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति लगाव बढ़ा है. अब पंडित जी के पास समय की कमी को देखते हुए फैंसी राखियों को भी शुद्ध कच्चे धागे में तैयार किया जा रहा है. बाजार में चंदन, रुद्राक्ष और स्वास्तिक वाली राखियों की मांग तेजी से बढ़ी है. इसके अलावा, रंग-बिरंगी मोती और मूंगा जड़ित राखियां भी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रही हैं.

बाजार में राखियों की कीमत (एक नजर में)

बाजार में उपलब्ध प्रमुख राखियों की अनुमानित कीमत इस प्रकार है:

  • कुंदन राखी: 150 से 1000 रुपये
  • पेयर सेट: 20 से 2100 रुपये
  • बच्चों की राखी: 20 से 200 रुपये
  • फैंसी राखी: 20 से 200 रुपये
  • ब्रेसलेट राखी: 200 से 1500 रुपये
  • चांदी की राखी: 1000 से 5000 रुपये

28 अगस्त को मनेगा रक्षाबंधन, जानें शुभ मुहूर्त

इस साल उदया तिथि के कारण रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त (शुक्रवार) को मनाया जाएगा. पंडित आनंद मिश्रा ने बताया कि सावन पूर्णिमा का प्रवेश 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे हो रहा है, जिसका समापन 28 अगस्त को सुबह 9:48 बजे होगा. उदया तिथि के आधार पर 28 अगस्त का दिन मान्य होगा.

  • राखी बांधने का शुभ मुहूर्त: सुबह 5:57 बजे से सुबह 9:48 बजे तक.
  • अमृत मुहूर्त (सर्वोत्तम समय): सुबह 9:10 बजे से सुबह 10:46 बजे तक.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >