कहलगांव (भागलपुर). भागलपुर जिले के 25 उत्कृष्ट शिक्षकों की सूची में कहलगांव प्रखंड के चार शिक्षकों ने स्थान बनाया है. चयनित शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय मिर्धाचक आदिवासी टोला के प्रधान शिक्षक अर्जुन केशरी, इंटर स्तरीय बालिका उच्च विद्यालय सरसहाय के शिक्षक विशाल कुमार सिन्हा, शिक्षिका कुमारी अनामिका वर्मा और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय नयाटोला, ओलपुरा के प्रधान शिक्षक बिवेका नंद सिंह शामिल हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार की ओर से चयनित शिक्षकों को पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी गयी है.
खेल-खेल में सीखने की पद्धति को बनाया पढ़ाई का हिस्सा
प्राथमिक विद्यालय मिर्धाचक आदिवासी टोला के प्रधान शिक्षक अर्जुन केशरी ने पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर खेल-खेल में सीखने, कहानी, कला और गतिविधि आधारित शिक्षण को पढ़ाई का हिस्सा बनाया. उन्होंने स्थानीय संसाधनों और कबाड़ से कम लागत वाली शिक्षण सामग्री तैयार कर बच्चों के लिए बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान यानी FLN की पढ़ाई को रोचक बनाने का प्रयास किया.
बच्चों में रचनात्मकता और जीवन कौशल विकसित करने पर जोर
अर्जुन केशरी का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मकता और जीवन कौशल विकसित करना है. इसके लिए उन्होंने बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया. उनके प्रयासों से विद्यालय को स्थानीय समुदाय से जोड़ने की पहल की गयी.
सामूहिक प्रयास का सम्मान बताया
उत्कृष्ट शिक्षकों की सूची में स्थान मिलने पर अर्जुन केशरी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि बच्चों, अभिभावकों और समुदाय के सामूहिक प्रयास का सम्मान है. उन्होंने विद्यालय में बच्चों के सीखने के बेहतर माहौल को लगातार मजबूत करने की प्रतिबद्धता जतायी.
चारों शिक्षकों की उपलब्धि पर दी बधाई
कहलगांव प्रखंड के चार शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षकों की सूची में चयन पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमित राज समेत अन्य शिक्षकों ने बधाई दी. शिक्षकों ने उम्मीद जतायी कि यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों को भी बेहतर और नवाचार आधारित शिक्षण के लिए प्रेरित करेगी.
