Dialysis Unit: कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में बुधवार को डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ किया गया. बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सुविधा का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया और इसे क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
जनप्रतिनिधियों ने दी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार ने लोगों से सरकारी अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है और उम्मीद है कि यह सुविधा भी जल्द शुरू होगी.
सरकारी अस्पतालों में बढ़ रही सुविधाएं
Dialysis Unit: प्रखंड प्रमुख नूतन देवी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अब पहले की तुलना में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. लोगों को निजी अस्पतालों के बजाय सरकारी अस्पतालों में इलाज कराकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेना चाहिये.
किडनी मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि डायलिसिस यूनिट शुरू होने से किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार की सुविधा मिलेगी. इससे उन्हें इलाज के लिए दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और समय के साथ-साथ आर्थिक खर्च में भी कमी आएगी.कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, प्रखंड प्रमुख नूतन देवी, प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. पवन कुमार गुप्ता, अस्पताल प्रबंधक गोविंद कुमार, डॉ. अमित कुमार, डॉ. आशुतोष कुमार सहित अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
Also Read: बिहार के इस जिले में 37.19 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क, शहर में कनेक्टिविटी होगी मजबूत
