भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट
Bhagalpur News : भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में सोमवार को हालात बेकाबू हो गए. सुरक्षा कर्मियों की हड़ताल के दौरान अस्पताल परिसर में दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और हिंसा तक पहुंच गया. बाहर से बुलाए गए सुरक्षाकर्मियों और हड़ताली कर्मियों के बीच हुई भिड़ंत ने पूरे अस्पताल माहौल को तनावपूर्ण बना दिया.हड़ताल के बीच बढ़ा तनाव
सुबह से ही अस्पताल के नियमित सुरक्षाकर्मी वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार पर थे. अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसी द्वारा बाहर से करीब 20 सुरक्षाकर्मी बुलाए गए. लेकिन जैसे ही वे अस्पताल परिसर में पहुंचे, हड़ताली सुरक्षाकर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया और मामला बिगड़ता चला गया.कहासुनी से लाठी डंडे तक पहुंचा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई. कुछ ही मिनटों में विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लाठी डंडे चलने लगे. इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरा तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि कुछ सुरक्षाकर्मियों को हल्की चोटें भी आई हैं.
10 दिन पहले दिया गया था आश्वासन
हड़ताली सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि उन्होंने करीब 10 दिन पहले भी कार्य बहिष्कार किया था. उस समय अधिकारियों ने उनकी मांगों पर समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसी कारण वे दोबारा आंदोलन पर उतर आए.वेतन वृद्धि सहित कई मांगों पर अड़े कर्मी
सुरक्षाकर्मियों की मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि, साप्ताहिक अवकाश, वर्दी के लिए पीएफ से राशि और बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं. उनका कहना है कि लंबे समय से मांगें लंबित हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही.
