इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर बढ़ा खतरा: एडीएम आपदा और मुख्य अभियंता ने किया निरीक्षण, फ्लड फाइटिंग के लिए 1 लाख बालू की बोरियां तैनात करने का निर्देश

Ismailpur Bind Toli Embankment: गंगा नदी के जलस्तर में हो रही लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. संभावित बाढ़ के खतरे को टालने के लिए इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर सुरक्षात्मक और कटाव निरोधी कार्यों को युद्धस्तर पर तेज कर दिया गया है.

Ismailpur Bind Toli Embankment: बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी के विशेष निर्देश पर एडीएम (आदा प्रबंधन) कुंदन कुमार और विभाग के मुख्य अभियंता ई. जयप्रकाश पासवान ने अलग-अलग तटबंध का सघन निरीक्षण किया. बाढ़ की आपात स्थिति से निपटने और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए तटबंध पर 1 लाख बालू भरी बोरियां (सैंड बैग्स) रिजर्व रखने का कड़ा निर्देश जारी किया गया है.

स्पर संख्या 7, 8 और 9 पर सीट पाइलिंग और मिट्टी भराई तेज

एडीएम आपदा प्रबंधन कुंदन कुमार ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार के साथ मिलकर स्पर संख्या सात, आठ एवं नौ का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे सीट पाइलिंग, एप्रन निर्माण तथा मिट्टी भराई (अर्थ फिलिंग) के कार्यों की प्रगति देखी. एडीएम ने निर्माण एजेंसी और संवेदकों (ठेकेदारों) को दो टूक हिदायत दी कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ काम पूरा करें, ताकि नदी का दबाव बढ़ने पर तटबंध को कोई नुकसान न पहुंचे.

मुख्य अभियंता ने की फ्लड फाइटिंग तैयारियों की समीक्षा

दूसरी ओर, मुख्य अभियंता ई. जयप्रकाश पासवान एवं अधीक्षण अभियंता ई. सुबोध चौधरी ने स्पर संख्या नौ का जायजा लिया. निरीक्षण के बाद उन्होंने कार्यपालक व सहायक अभियंताओं के साथ एक उच्चस्तरीय तकनीकी बैठक की. बैठक में बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली आपातकालीन स्थितियों से निपटने की रणनीति और संवेदनशील जोन में राहत सामग्री की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की गई.

15 से 20 जुलाई तक हर हाल में कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम

मुख्य अभियंता ने समय-सीमा तय करते हुए बताया कि आगामी 15 से 20 जुलाई तक सभी प्रकार के कटाव निरोधी (एंटी-इरोज़न) कार्यों को हर हाल में मुकम्मल कर लिया जाएगा. उन्होंने सुरक्षात्मक तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए:

"इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध सहित गंगा और कोसी नदी के सभी संवेदनशील स्परों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. किसी भी आपात स्थिति या रिसाव की सूचना पर तत्काल एक्शन के लिए इस्माईलपुर-बिंद टोली तटबंध पर 1 लाख बालू भरी बोरियां स्टॉक करने का आदेश दिया गया है. हमारी फ्लड फाइटिंग टीम पूरी तरह मुस्तैद है." — ई. जयप्रकाश पासवान, मुख्य अभियंता

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जलस्तर में उतार-चढ़ाव पर नजर रखने के लिए तटबंध पर विभागीय अभियंताओं और कर्मियों की शिफ्टवार स्पेशल ड्यूटी भी लगा दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >