Father Dies Daughter Injured : भागलपुर जिले के नवगछिया ट्रैफिक थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर अजय ढाबा के समीप रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), असम से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए 60 वर्षीय शंकर कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी 25 वर्षीय बेटी डॉ. शालू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
दशकर्म में शामिल होने जा रहे थे पिता-पुत्री
जानकारी के अनुसार शंकर कुमार अपने ससुर के दशकर्म में शामिल होने के लिए परिवार के साथ महादेवपुर जा रहे थे. परिवार दो वाहनों से यात्रा कर रहा था. आगे चल रही बोलेरो में उनकी पत्नी और पुत्र सवार थे, जबकि शंकर कुमार स्वयं अपनी होंडा सिटी कार चला रहे थे. उनके साथ उनकी बेटी डॉ. शालू कुमारी भी थीं, जो वर्तमान में एमएस की पढ़ाई कर रही हैं.
तेज रफ्तार बस ने कार में मारी जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से तेज गति से आ रही कोहिनूर बस ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शंकर कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं उनकी बेटी कार के भीतर बुरी तरह फंस गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं.
स्थानीय लोगों ने बचाई बेटी की जान
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद घायल डॉ. शालू कुमारी को कार से बाहर निकाला गया और नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है.
बस जब्त, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कोहिनूर बस को जब्त कर लिया है.
पुलिस ने कही यह बात
नवगछिया ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत कुमार वारसी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि परिजनों के आवेदन मिलने के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिटायरमेंट के दो दिन बाद बुझ गया घर का चिराग
परिजनों ने बताया कि शंकर कुमार 31 जुलाई को ही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, असम से सेवानिवृत्त हुए थे. सेवानिवृत्ति के महज दो दिन बाद ही पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान हुए इस सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं. इस दर्दनाक घटना से परिजनों, रिश्तेदारों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है.
