Bhagalpur news भीखनपुर में इंटर के छात्र ने गले में फंदा डाल कर की खुदकुशी
इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 2, मिश्रा टोला दुर्गा स्थान स्थित गली में गोलू कुमार (20) पिता अमर कुमार राय ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
भागलपुर से ऋषव कृष्णा मिश्रा की रिपोर्ट
इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 2, मिश्रा टोला दुर्गा स्थान स्थित गली में गोलू कुमार (20) पिता अमर कुमार राय ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के अनुसार गोलू कुमार इंटर का छात्र था. मंगलवार रात वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया. बुधवार सुबह उसके पिता अमर कुमार राय अपने काम पर निकल गए, जबकि उसकी सौतेली मां भी घरों में काम करने चली गई. दोपहर में जब मां वापस लौटी तो देखा कि गोलू के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है. काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया. अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए. गोलू पंखे की कड़ी से कंबल के सहारे फंदा लगाकर लटका हुआ था. आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. आशंका जताई जा रही है कि युवक ने देर रात ही आत्महत्या कर ली थी. मृतक के पिता एक निजी लैब में काम करते हैं. बताया जाता है कि उसकी सगी मां की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. घटना के दिन घर की किराना दुकान भी बंद रही. घटना की सूचना पर इशाकचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने युवक का मोबाइल जब्त कर लिया है. वहीं, विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. बताया जाता है कि युवक के कमरे में चारों ओर डरावनी आकृतियों व मुखौटों से संबंधित चित्र लगे थे, जिन्हें उसने खुद बनाया था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.