BHAGALPUR NEWS सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के क्रम में मौत
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के क्रम में बुधवार देर रात मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच में मौत हो गयी.
भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट BHAGALPUR NEWS :
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के क्रम में बुधवार देर रात मायागंज स्थित जेएलएनएमसीएच में मौत हो गयी. मृतका की पहचान बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी शकुना देवी (55), पति आनंदी राय के रूप में हुई है. घटना के बाद बरारी पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे शकुना देवी एक शादी समारोह में शामिल होकर रामचंद्रपुर इटहरी से अपने दामाद सन्नी कुमार के साथ बाइक से घर लौट रही थीं. इसी दौरान इंग्लिश मोड़ के पास एक तेज रफ्तार टोटो ने बाइक में धक्का मार दिया और मौके से फरार हो गया. हादसे में शकुना देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. घटना के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सदर अस्पताल अमरपुर ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान बुधवार देर रात उनकी मौत हो गयी. मृतका के परिवार में पति, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. छोटा पुत्र अमर कुमार सेना में कार्यरत है, जबकि बड़ा पुत्र रोहित कुमार माइक्रो फाइनेंस में कार्य करता है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मायागंज स्थित बरारी थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.