नवगछिया विक्रमशिला सेतु और उससे जुड़े एनएच-31 पर रविवार की देर शाम भीषण जाम लग गया. भागलपुर जीरोमाइल से लेकर जह्नावी चौक, तेतरी जीरोमाइल और नवगछिया जीरोमाइल तक वाहनों की लंबी कतार लगी रहीं. शादी-विवाह से सड़कों बरातियों की गाड़ियों का दबाव अचानक बढ़ गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी. वाहन रेगते नजर आये. ओवरलोड गाड़ियों और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ ने जाम को और भयावह बना दिया. जाम हटाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट रहे थे, लेकिन पर्याप्त व्यवस्था के अभाव में राहत नहीं मिल सकी. नारायणपुर के यात्री राकेश कुमार रौशन ने बताया कि उन्हें भागलपुर से नवगछिया जीरोमाइल तक पहुंचने में करीब चार घंटे का समय लग गया. उन्होंने कहा कि इतनी कम दूरी तय करने में इतना समय लगना, जाम की भयावहता को दर्शाता है. रविवार को आयोजित नीट/यूजीसी परीक्षा देकर लौट रहे छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई विद्यार्थी जाम में फंसे रहने से समय पर घर नहीं पहुंच सके. आक्रोशित छात्रों ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जतायी. स्थानीय लोगों का कहना है कि विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ और एनएच-31 पर आये दिन जाम लगता है. स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.
Bhagalpur news विक्रमशिला सेतु व एनएच-31 पर भीषण जाम, यात्री घंटों रहे परेशान
विक्रमशिला सेतु और उससे जुड़े एनएच-31 पर रविवार की देर शाम भीषण जाम लग गया.
