Bhagalpur news ढोलबज्जा बाजार में रंगदारी मांगने के मामले का हुआ खुलासा
नवगछिया ढोलबज्जा बाजार में बीते जनवरी में फोन से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है.
नवगछिया ढोलबज्जा बाजार में बीते जनवरी में फोन से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. तकनीकी व मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा के कुख्यात अपराधी राहुल यादव उर्फ फैशन यादव को जनवरी में ही नागालैंड के दीमापुर से गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उसके पास से एक कट्टा, एक पिस्तौल, 10 कारतूस, चार खोखा और चार मोबाइल फोन बरामद की थी. जांच में सामने आया कि स्थानीय व्यवसायी उपेंद्र जायसवाल, अर्जुन स्वर्णकार, संजय स्वर्णकार, अशफाक आलम और शैलेंद्र मेडिकल के संचालक सहित करीब आठ व्यापारियों से रंगदारी की मांग की गयी थी. शैलेंद्र मेडिकल के मालिक से सबसे अधिक पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग की गयी थी.
रिमांड पर पूछताछ में हुआ खुलासा
ढोलबज्जा थानाध्यक्ष निशांत कुमार ने बताया कि दो मई को आरोपित राहुल यादव को 24 घंटे के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की. पूछताछ में आरोपित ने मामले से जुड़े कई अहम खुलासे किये. उसने रंगदारी मांगने में शामिल अन्य लोगों की जानकारी पुलिस को दी. उसने इस पूरे गिरोह के सरगना छोटू यादव की संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि इस वारदात में दो अन्य अपराधी भी शामिल थे. पुलिस के अनुसार राहुल यादव को नवगछिया थाना के कांड संख्या 314/25 और 367/25 में रिमांड पर लिया गया था. फिलहाल पुलिस उसकी अन्य आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है.
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के सरगना छोटू यादव पर रंगदारी, लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट और जमीन विवाद से जुड़े दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. वह वर्तमान में जेल में बंद है, लेकिन उसका गिरोह अब भी सक्रिय है. राहुल यादव के खिलाफ भी हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कुल 14 गंभीर मामले दर्ज हैं.
व्यवसायियों में दहशत, सुरक्षा की मांग
इस घटना के बाद ढोलबज्जा बाजार के व्यवसायियों व स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. व्यापारियों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.