नवगछिया तेतरी जीरो माइल के पास रविवार को एनएच-31 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. अचानक सड़क पर नीलगाय के आ जाने से उसे बचाने के प्रयास में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में ऑटो पर सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को ऑटो और अन्य वाहनों से अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घायलों की पहचान रंगरा के महेंद्र पंडित (65), अमापुर के आनंद कुमार (10), बाखरपुर की लूसी कुमारी (30), बखरी की ज्ञानवती देवी (65) तथा घोघा पक्कीसराय के शंभू मंडल (45) के रूप में हुई है. घायल आनंद कुमार ने बताया गया कि वह नवगछिया स्थित तेजस्वी पब्लिक स्कूल का छात्र है. छुट्टी के बाद वह ऑटो से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. लूसी कुमारी अपने ससुराल से रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव स्थित मायका जा रही थीं, जहां उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होना था. शंभू मंडल अपने नाती के मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने कदवा जा रहे थे, तभी वह इस दुर्घटना का शिकार हो गये. डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन तीन लोग आनंद कुमार, ज्ञानवती देवी और महेंद्र पंडित की हालत गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज नवगछिया अस्पताल में ही चल रहा है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस ने बताया कि सड़क पर अचानक जानवरों के आने से इस तरह की दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. लोगों से अपील है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरते और वाहनों की गति को नियंत्रित रखें.
Bhagalpur news ऑटो पलटने से आधा दर्जन घायल; तीन की हालत गंभीर, रेफर
नवगछिया तेतरी जीरो माइल के पास रविवार को एनएच-31 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया.
