Aaj Ka Mausam. सात जून तक सताएगी गर्मी, तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
जिले में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के पूर्वानुमान के अनुसार सात जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा.
भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट
भागलपुर : जिले में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग और बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के पूर्वानुमान के अनुसार सात जून तक मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
आसमान साफ रहेगा, बारिश के आसार नहीं
गुरुवार सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और वर्षा की संभावना नहीं है. जिले में मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस होगा. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 15 जून के बाद मानसूनी गतिविधियां बढ़ने के साथ बारिश की संभावना बन सकती है.
गर्मी के कारण बढ़ रहे बुखार और खांसी के मरीज
लगातार बढ़ती गर्मी का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है. अस्पतालों और क्लीनिकों में बुखार, सर्दी और कफ वाली खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं.शहर के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विनय कुमार झा ने बताया कि मौजूदा मौसम में वायरल बुखार और खांसी के मामले बढ़ रहे हैं. आमतौर पर यह संक्रमण तीन से पांच दिनों तक रह सकता है. उन्होंने सलाह दी कि लोग पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, गुनगुने पानी का उपयोग करें और फ्रिज के अत्यधिक ठंडे पानी से परहेज करें. छोटे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाकर रखना जरूरी है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, हल्के कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की अपील की है. गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है, क्योंकि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है.