सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर, दलहन और खाद्य तेलों में भी तेजी जारी

भागलपुर के बाजारों में महंगाई का असर दिख रहा है, खासकर सोना-चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर पर बने हुए हैं. दालों और खाद्य तेलों की कीमतों में भी वृद्धि ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है. शादी-ब्याह के सीजन में दामों में और बढ़ोतरी की आशंका है.

भागलपुर के स्थानीय बाजारों में इन दिनों मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ खाद्य पदार्थों और अनाजों की कीमतें काफी हद तक स्थिर हैं, वहीं सर्राफा बाजार में सोना और चांदी के भाव लगातार रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर बने हुए हैं. इसके अलावा दलहन में अरहर और तेलहन की कीमतों में भी तेजी का रुख बना हुआ है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ बढ़ रहा है.

सर्राफा बाजार: सोना-चांदी की कीमतों में भारी उछाल

एक माह से जारी उतार-चढ़ाव के बाद पिछले 17 दिनों से सर्राफा बाजार में शांति है, लेकिन दरें अपने रिकॉर्ड स्तर पर टिकी हुई हैं:

  • 24 कैरेट सोना: ₹1,45,000 प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: ₹1,31,000 प्रति 10 ग्राम
  • चांदी: ₹2,35,000 प्रति किलोग्राम

अनाज और दलहन मंडी: कतरनी चावल और दालों के ताजा भाव

खाद्यान्न बाजार में कतरनी चावल अपनी अलग-अलग श्रेणियों के हिसाब से ₹80 से ₹160 प्रति किलो बिक रहा है, जबकि आम उपभोक्ता के लिए स्वर्णा चावल ₹40 प्रति किलो के सबसे किफायती भाव पर उपलब्ध है. कतरनी चूड़ा ₹110 से ₹130 प्रति किलो की दर से बिक रहा है. चीनी के 50 किलो वाले पैकेट की कीमत भी ₹2,300 से बढ़कर ₹2,620 तक पहुंच गई है.

प्रमुख खाद्य सामग्रियों के खुदरा भाव (प्रति किलोग्राम):

  • चना व मसूर दाल: ₹72
  • अरहर दाल: ₹120 से ₹130
  • मूंग दाल: ₹98
  • कलाई दाल: ₹105 से ₹115
  • आटा: ₹35

तेलहन बाजार: खाद्य तेलों के दामों में भी तेजी

तिलहन और एडिबल ऑयल मार्केट में भी महंगाई देखने को मिल रही है. तीन महीने पहले 15 किलोग्राम का मंगल तेल डिब्बा जो ₹2,475 में मिलता था, वह बढ़कर ₹2,950 और कलश ब्रांड ₹2,970 तक पहुंच गया है. रिफाइंड पाम ऑयल (13 लीटर) का भाव पिछले दो महीनों से ₹2,350 से ₹2,450 के बीच बना हुआ है, जबकि भोजन वनस्पति का 15 किलो का जार ₹2,480 में मिल रहा है.

शादी-ब्याह के सीजन में और बढ़ सकते हैं दाम

स्थानीय कारोबारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में लग्न और शादी-ब्याह का सीजन शुरू होते ही मांग में भारी बढ़ोतरी होगी. आपूर्ति श्रृंखला में बदलाव और मांग बढ़ने से कुछ विशेष उत्पादों और सर्राफा की कीमतों में आगे भी तेजी आने के पूरे आसार हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार राव

दीपक कुमार राव प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, कला-संस्कृति व सामाजिक कार्य में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >