खरीक (भागलपुर). प्रखंड के बाढ़ प्रभावित राघोपुर गांव में संचालित अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में रविवार की देर रात महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ कथित अभद्रता और छेड़खानी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रात्रि ड्यूटी का रोस्टर बदल दिया है. अब बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर में रात के समय महिला स्वास्थ्य कर्मियों की जगह पुरुष सीएचओ, फार्मासिस्ट समेत अन्य पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. घटना के बाद बीडीओ मोना कुमारी सोनी ने दोनों शिविर स्थलों का जायजा लेकर महिला कर्मियों को सुरक्षित वहां से हटाया.
दो स्थानों पर चल रहा था अस्थायी स्वास्थ्य शिविर
जानकारी के अनुसार राघोपुर गांव में राजकीय मध्य विद्यालय राघोपुर और वार्ड नौ स्थित दुर्गा मंदिर रंगमंच के समीप बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है. रविवार की देर रात दोनों स्थानों पर महिला स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम और सीएचओ ड्यूटी पर तैनात थीं. इसी दौरान कुछ युवक शिविर के पास पहुंचे और महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्रता और छेड़छाड़ करने लगे.
शोर मचाने पर भी नहीं माने युवक
महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने युवकों के व्यवहार का विरोध करते हुए शोर मचाया. इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन आरोप है कि युवकों पर इसका कोई असर नहीं हुआ. घटना की जानकारी मिलने पर खरीक बीडीओ मोना कुमारी सोनी दोनों शिविर स्थलों पर पहुंचीं. उन्होंने वहां तैनात महिला स्वास्थ्य कर्मियों को सुरक्षित अपने साथ ले लिया.
पुलिस के पहुंचने के बाद नियंत्रित हुई स्थिति
महिला कर्मियों को सुरक्षित हटाने के बाद सीएचसी प्रभारी डॉ सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति नियंत्रित हुई. बीडीओ ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद निंदनीय है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल युवकों की पहचान कराने की कार्रवाई की जा रही है.
सीएस को दी गयी घटना की जानकारी
सोमवार को सीएचसी प्रभारी डॉ सुजीत कुमार ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी सिविल सर्जन को दी. इसके बाद सिविल सर्जन ने रात्रि ड्यूटी से महिला स्वास्थ्य कर्मियों को हटाने का निर्देश दिया. उनके स्थान पर पुरुष सीएचओ, फार्मासिस्ट और अन्य पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया गया.
सुरक्षा को देखते हुए बदला गया रात्रि ड्यूटी रोस्टर
सीएचसी प्रभारी सुजीत कुमार ने बताया कि महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ युवकों का व्यवहार उचित नहीं था. शिकायत मिलने के बाद बीडीओ ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की. सिविल सर्जन के निर्देश पर रोस्टर में बदलाव कर राघोपुर के बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर में रात के समय पुरुष स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है.
बाढ़ प्रभावितों के इलाज के लिए जारी रहेगा स्वास्थ्य शिविर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जा रहा है. रात्रि ड्यूटी में बदलाव के बावजूद शिविर की स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहेंगी. विभाग का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को जरूरत के समय उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
