नाथनगर (भागलपुर) से नमन की रिपोर्ट
ललमटिया थाना क्षेत्र के नसरतखानी स्थित आदर्श कॉलोनी में घरेलू विवाद में हुई मारपीट के दौरान पुत्र की पिटाई से गंभीर रूप से घायल रिटायर्ड सुबेदार विष्णुदेव यादव की मौत इलाज के क्रम में भागलपुर सदर अस्पताल हो गयी है. मां की शिकायत पर ललमटिया थाना पुलिस ने आरोपित पुत्र विनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि युवक की मां ने ललमटिया थाने में अपने ही पुत्र के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. इधर सूचना पर सदर अस्पताल पहुंची तिलकामांझी थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया फिर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है. मृतक के सिर पर गंभीर जख्म के निशान थे. ईंट से सिर पर हमला किये जाने की बात सामने आयी है.
देर शाम पैतृक गांव से नसरतखानी स्थित घर आये थे
जानकारी सामने आयी है कि रिटायर्ड फौजी का पैतृक गांव सुलतानगंज के मसदी गांव में है. लंबे समय से वे अपने पैतृक गांव में ही रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री तीनों नसरतखानी स्थित अपने मकान में रहते हैं. गुरुवार की शाम में रिटायर्ड फौजी अपने नसरतखानी स्थित आवास पर पहुंचे थे. यहीं पर उनका पुत्र के साथ विवाद हुआ और पुत्र ने उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार की सुबह उनकी मृत्यु हो गयी. ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि रिटायर्ड फौजी शाम के वक्त शराब पीते थे और जब वे शराब पी लेते थे तो उग्र हो जाते थे. विवाद के क्रम में उग्र हो जाने के बाद पुत्र ने उनपर हमला कर दिया.
परिवार के लिए बनाया था घर, उसी घर में हुई मौत
ग्रामीण बताते हैं विष्णुदेव अनुशासन के प्रिय थे और कड़क स्वभाव के थे. अवकाश प्राप्त करने के बाद उन्होंने पुत्र के नाम 50 लाख में नसरतखानी में जमीन खरीद कर घर बनाया. पुत्री और पत्नी के नाम से भी जमीन की खरीदारी की. ग्रामीण बताते हैं कि ऐसा नहीं कि विष्णुदेव को अपने पुत्र से प्यार नहीं था. सब कुछ तो वे उसी के लिए कर रहे थे लेकिन संपत्ति और पैसों को व्यवस्थित करने और सेटलमेंट करने को लेकर पुत्र की चाहत कुछ और होती थी, जबकि विष्णुदेव किसी की सुनते नहीं थे. कहा जा रहा है कि गुरुवार को देर शाम हुए विवाद में पिता पुत्र दोनों गुस्से में थे. इसी बीच पुत्र ने पिता पर ईंट से हमला करना शुरू कर दिया. मालूम हो कि अवकाश प्राप्त फौजी का परिवार काफी संभ्रांत है. वे चार भाईयों में सबसे बड़े थे. एक अन्य भाई भी फौज में अधिकारी है, जो दिल्ली में तैनात हैं. अन्य भाई भी अच्छे ओहदे पर हैं. जबकि सगे संबंधियों में बड़ी संख्या लोग सम्मानित संस्थानों में नौकरी करते हैं. ललमटिया थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
