समानांतर सेतु निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा, करंट लगने से एसपी सिंगला कंपनी के इलेक्ट्रिशियन की मौत

भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे नए समानांतर सेतु के निर्माण स्थल पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है. बिजली की खराबी ठीक करते समय करंट लगने से एसपी सिंगला कंपनी के एक इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई. घटना से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई.

भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे नए समानांतर सेतु के निर्माण स्थल पर शनिवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. निर्माण कार्य के दौरान बिजली की खराबी दुरुस्त कर रहे एक इलेक्ट्रिशियन की भीषण करंट लगने से मौत हो गई. हादसा विक्रमशिला सेतु के नीचे नवगछिया की ओर स्थित निर्माण स्थल के पास हुआ. घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल बन गया.

इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में घोषित किया गया मृत

करंट की चपेट में आने के बाद इलेक्ट्रिशियन मुस्तकीम साव (32 वर्ष) की हालत बेहद गंभीर हो गई. हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया. हालांकि, वहां डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

8 वर्षों से एसपी सिंगला कंपनी में कार्यरत था मुस्तकीम

मृतक मुस्तकीम साव मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के हल्दीबाड़ी थाना अंतर्गत बोयालमारी गांव का रहने वाला था. वह पिछले करीब आठ सालों से निर्माण कंपनी 'एसपी सिंगला' (SP Singla) में इलेक्ट्रिशियन के पद पर सेवाएं दे रहा था. बताया गया कि पिछले दो महीनों से उसकी तैनाती भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे समानांतर सेतु के निर्माण कार्य में हुई थी, जहां वह बिजली व्यवस्था की देखरेख कर रहा था. शनिवार की रात भी वह साइट पर आई तकनीकी खराबी को ठीक करने गया था, तभी यह भयानक हादसा हो गया.

परिजनों में छाया मातम, पत्नी की बिगड़ी तबीयत

शोकाकुल परिजन

मुस्तकीम की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. मुस्तकीम अपने पीछे पत्नी और एक नन्हीं बेटी को छोड़ गया है. पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. रविवार को घटना की सूचना मिलने के बाद मुस्तकीम के मामा हसन अकन और मौसा रफीकुल इस्लाम भागलपुर पहुंचे और अस्पताल में पूरी घटना की जानकारी ली.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की पोस्टमार्टम प्रक्रिया

हादसे के बाद मायागंज अस्पताल परिसर स्थित बरारी कैंप थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. पुलिस अधिकारियों ने कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस घटना के सही कारणों की जांच में जुटी है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >