भागलपुर में शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस क्रांति, 10 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे, कई जिलों को मिलेगा फायदा

Bhagalpur News : भागलपुर में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों की रफ्तार सड़कों पर दिखने लगेगी. 50 ई-बसों के संचालन की तैयारी तेज हो गई है और इसके लिए 10 चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम शुरू कर दिया गया है.

भागलपुर से ललित किशोर मिश्र की रिपोर्ट :

भागलपुर से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. शुक्रवार से बस चार्जिंग स्टेशन निर्माण का काम शुरू हो गया. पहले चरण में भागलपुर को 25 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी, जो मुंगेर, कहलगांव, पीरपैंती, बांका, तारापुर और बौंसी जैसे प्रमुख रूटों पर चलेंगी. इस पूरी परियोजना पर 11 करोड़ 71 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे.

चार्जिंग स्टेशन निर्माण का काम शुरू

कटिहार से आई एजेंसी की टीम ने शुक्रवार से भागलपुर बस टर्मिनल परिसर में चार्जिंग स्टेशन के लिए काम शुरू कर दिया. एजेंसी के कर्मियों ने बताया कि सबसे पहले पैनल निर्माण और कर्मचारियों के रहने के लिए भवन तैयार किए जा रहे हैं. मॉनसून शुरू होने से पहले सभी जरूरी आधारभूत ढांचे को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए निर्माण कार्य तेज गति से कराया जा रहा है.

पहले चरण में मिलेंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें

योजना के तहत भागलपुर को कुल 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं. हालांकि पहले चरण में 25 बसों के परिचालन की तैयारी की जा रही है. इनमें 12 मीटर और 9 मीटर लंबाई वाली आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी.

इन बसों के संचालन के लिए 10 ई-चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे. साथ ही बस टर्मिनल परिसर में जी प्लस वन प्रशासनिक भवन, कार्यशाला भवन, दो वाशिंग रैंप और दो सुरक्षा चौकियों का निर्माण भी किया जाएगा.

इन रूटों पर दौड़ेंगी ई-बसें

पथ परिवहन निगम भागलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि शुरुआती चरण में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भागलपुर से मुंगेर, कहलगांव, पीरपैंती, बांका, तारापुर और बौंसी रूट पर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि बसों की चार्जिंग क्षमता और रूट की दूरी को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इन्हीं मार्गों का चयन किया गया है. आने वाले दिनों में पूर्णिया समेत अन्य जिलों तक भी सेवा का विस्तार किया जाएगा.

11 करोड़ से अधिक खर्च करेगी सरकार

इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 11 करोड़ 71 लाख 15 हजार 376 रुपये खर्च किए जाएंगे. बिहार भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा परियोजना की डीपीआर पहले ही तैयार की जा चुकी है. भागलपुर के अलावा गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और दरभंगा में भी इलेक्ट्रिक बस टर्मिनल निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है.

यात्रियों को मिलेगी आधुनिक और सस्ती सुविधा

इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को आरामदायक, प्रदूषण मुक्त और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी. साथ ही डीजल बसों की तुलना में संचालन लागत कम होने से किराए में भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा दे सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >