Bhagalpur news भाईचारे के माहौल में मनी ईद, गले मिल दी मुबारकबाद
ईद का पर्व सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में मनाया गया. बिहपुर ईदगाह में सुबह 10 बजे अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की. जामा मस्जिद बिहपुर में सुबह 9:30 बजे नमाज अदा की गयी.मिलकी, झाड़ापुर, बभनगामा, गौरीपुर, हिरदीचक, नन्हकार, सहौड़ी, जमालपुर, मोमिन टोला, औलियाबाद, लत्तीपुर सहित आसपास के गांवों में भी नमाजियों ने ईद की नमाज अदा दी. नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया. हर तरफ खुशियों का माहौल देखने को मिला. मौके पर खानका-ए-आलिया कादिरिया फरीदिया मोहब्बतिया के सज्जादानशी हजरत अली कौनैन खां कादरी फरीदी तथा नायब सज्जादानशीं हजरत मौलाना अली शब्बर खां कादरी फरीदी ने कहा कि ईद का पर्व एकता, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है. कार्यक्रम में हजरत मौलाना अबूसालेह फरीदी, कर्रार खां, रहबर खां, रहनुमा खां, हाफिज काजी तारीक अनवर, मेहरबान आलम, अफरोज आलम, खुरशीद, सद्दाम हुसैन उपस्थित थे.
ईद की नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन की दुआ
नारायणपुर प्रखंड के सभी मस्जिदों में शनिवार को हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने ईद की नवाज अदा की. फहद जुबेर के मुताबिक रेलवे स्टेशन के पास वाला जामा मस्जिद नारायणपुर में ईद की दो नमाज पढ़ी गयी. पहली नमाज सुबह 7:30 और दूसरी 8:30 पढ़ी गयी. हजारों लोगों ने नमाज अदा कर क्षेत्र में अमन-चैन की दुआ मांगी. प्रत्येक मस्जिद के पास मेला जैसा नजारा था. लोगों ने एक दूसरे से मिल कर ईद का मुबारकबाद दी.
इधर कहलगांव
प्रखंड के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज पढ़ी गयी. वर्षा से मस्जिदों में सुबह से ही भीड़ जुटनी प्रारंभ हो गयी थी. ईद को लेकर प्रशासन मुस्तैद दिखा. कहलगांव के मस्जिद में मौलाना अयूब मजहरी, बाजार के मस्जिद में मौलाना इंतखार आलम, काजीपुरा मस्जिद में हाफिज मौलाना आकिब तथा पठानपुरा मस्जिद में हाफिज मौलाना अब्दुल्ला साहब ने नमाज अदा करायी. इसी प्रकार ग्रामीण इलाकों में भी उत्साह पूर्वक माहौल में ईद उल फितर की नमाज मस्जिदों एवं ईदगाहों में पढ़ी गई.इमाम ईद की नमाज पढाने वाले ने अपने मुल्क की तरक्की एवं अमन चैन की दुआ अल्लाह से मांगी .साथ ही एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दिया. लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर सेवई एवं मिठाई खायी.
सुलतानगंज में अकीदत के साथ अदा हुई ईद की नमाज
सुलतानगंज क्षेत्र में शनिवार को ईद का पर्व पूरे हर्षोल्लास मनाया गया. सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी. शाही मस्जिद घाट रोड, स्टेशन रोड मस्जिद, जामा मस्जिद दिलगौरी, कोलगामा, नवादा, कासिमपुर, घोरघट व मिर्जागांव सहित विभिन्न स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गयी. दिलगौरी मोड़ स्थित ईदगाह मैदान में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज पढ़ी, जिससे पूरा माहौल इबादत और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया. मो सलामउद्दीन, मो अफरोज आलम, मो मेराज और मो मंजूर ने बताया कि भाईचारा, मोहब्बत और अकीदत के साथ पर्व मनाया गया. सुन्नी वक्फ बोर्ड के सदस्य मो अफरोज आलम ने कहा कि ईद का संदेश प्रेम, एकता और इंसानियत का है, जिसे सभी को अपनाना चाहिए. वार्ड पार्षद रूबी देवी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं. ईद को लेकर शहर के सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम थे. प्रशिक्षु एएसपी सह थानाध्यक्ष सायम रजा, पुलिस इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, बीडीओ संजीव कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे.बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि ईद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. सुरक्षा के लिए पुलिस बल, महिला पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी थी. अकबरनगर क्षेत्र में भी ईद का पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया. पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा.
गले से गले मिल दी ईद की मुबारकबाद
शाहकुंड इंग्लिश, हरनथ, खैरा, सजौर, दरियापुर, समस्तीपुर सहित अन्य गांवों में ईद का पर्व उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ. ईद पर लोगों ने मस्जिदों में नवाज अदा कर गले से गले मिल एक दूसरे को मुबारकबाद दी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.