भागलपुर के समीक्षा भवन में सरस्वती पूजा के दौरान शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव की संयुक्त अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में स्पष्ट कहा गया कि पूजा के दौरान या विसर्जन में डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा. बिना लाइसेंस के कोई भी पूजा समिति विसर्जन जुलूस नहीं निकाल सकेगा. इसके लिए सभी पूजा समितियों से बांड भरवा लेने का निर्देश सभी थानों को दिया गया. सभी समितियों को लाइसेंस के साथ 10 से 15 सदस्यों का नाम और उनका आधार कार्ड की काॅपी भी थाने में देना होगा. जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कि मां भगवती सरस्वती पूजा विद्या की देवी है. पूजा भक्ति और श्रद्धा के माहौल में करना चाहिए. बड़े पंडालों और विसर्जन रूट पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरा डीएम ने बताया कि बड़े पंडालों और विसर्जन के रास्ते में सीसीटीवी लगाया जायेगा. कृत्रिम तालाबों में पानी की व्यवस्था करने और पंडालों के आसपास साफ सफाई और ब्लिचिंग पाउडर छिड़काव करने की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय हो दी गयी. डीएम ने शांति समिति के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि पूजा किशोरवय या युवा करते हैं. यह ध्यान रखना जरूरी होगा कि पूजा में कोई उन्मादी तत्व शामिल न हो जाये. उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन कतई नहीं हो. अगर कोई ऐसा करता है तुरंत स्थानीय पदाधिकारी को सूचना दें. विसर्जन के समय यह ध्यान रखा जाय कि कोई बच्चा या किशोर पानी में न उतरे, अन्यथा उनके डूब जाने का खतरा रहेगा. बिजली के जर्जर तार को बदलने, बिजली विभाग को एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया. राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को देखते हुए सभी शांति समिति के सदस्यों से 24 जनवरी को ही सभी प्रतिमा का विसर्जन शाम चार बजे तक करवा लेने की अपील की गयी. अश्लील गाना बजाने वालों पर भी होगी कार्रवाई एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि पूजा के दौरान अश्लील, गंदा और भड़काऊ गाना बजाने वालों पर कार्रवाई होगी. थाना स्तर पर पूजा समितियों की पैन ड्राइव, सीडी का प्ले लिस्ट चेक करने का निर्देश सभी थानों को दिया गया है. एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर पूरी नजर रखी जायेगी. अगर कोई अफवाह की सूचना मिलती है है तो संबंधित थाना या स्थानीय अधिकारी को सूचित करें ना कि फॉरवर्ड करें. अफवाह फॉरवर्ड करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी. जुलूस में कोई भी हथियार, लाठी, डंडा लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. बैठक को डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भी संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
