बच्चों! आपदा के समय घबराएं नहीं, सूझबूझ से लें फैसले : एसडीआरएफ

Disaster Safety Training: बाढ़, आग, भूकंप या सड़क हादसा... संकट कभी भी आ सकता है. ऐसे हालात में क्या करना चाहिए और कैसे खुद को सुरक्षित रखना है, इसकी ट्रेनिंग भागलपुर में स्कूली बच्चों को दी गई. SDRF टीम ने मॉक ड्रिल के जरिए बच्चों को आपदा से बचाव के तरीके सिखाए.

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट :

भागलपुर में सोमवार को एसडीआरएफ टीम द्वारा एक पब्लिक स्कूल में आपदा न्यूनीकरण एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं को बाढ़, आग, भूकंप, सड़क दुर्घटना और नदी में डूबने जैसी आपदाओं के समय सुरक्षित रहने और दूसरों की मदद करने के तरीके बताये गये.

आपदा के समय घबराहट साबित हो सकती है बड़ी गलती

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एसडीआरएफ जवानों ने बच्चों को बताया कि किसी भी आपदा के समय घबराहट सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है.टीम ने कहा कि संकट की स्थिति में सतर्कता, धैर्य और सही निर्णय बेहद जरूरी होता है. बच्चों को समझाया गया कि आपदा के दौरान सबसे पहले अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.

प्राथमिक उपचार और लाइफ जैकेट का दिया प्रशिक्षण

एसडीआरएफ टीम ने छात्र-छात्राओं को प्राथमिक उपचार यानी फर्स्ट एड की जानकारी दी.

इसके अलावा लाइफ जैकेट पहनने का सही तरीका, पानी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से बचाने और आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की प्रक्रिया भी समझाई गई.

Mock Drill से समझाया रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रशिक्षण के दौरान टीम ने मॉक ड्रिल कर आपदा के समय किए जाने वाले बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया. बच्चों को दिखाया गया कि कैसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जाता है और रेस्क्यू ऑपरेशन में किन उपकरणों का उपयोग होता है. एसडीआरएफ जवानों ने यह भी बताया कि अफवाहों से बचते हुए केवल प्रशासन और बचाव दल के निर्देशों का पालन करना चाहिए.

छात्रों ने पूछे सवाल, विशेषज्ञों ने दिए जवाब

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आपदा प्रबंधन से जुड़े कई सवाल पूछे. एसडीआरएफ टीम ने सभी सवालों का विस्तार से जवाब देते हुए बच्चों को जागरूक किया. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बच्चों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे मुश्किल परिस्थितियों में बेहतर निर्णय ले सकेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >